गर्भवती महिला और बच्चे के टीकाकरण के लिए यूविन पोर्टल बनाने की तैयारी
भोपाल
देशभर में किसी भी बच्चे या गर्भवती महिला को कहीं भी टीका लगेगा उसकी जानकारी एक जगह पर एकत्र होगी। इसके लिए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की तरफ से को-विन की तरह यू-विन पोर्टल शुरू करने की तैयारी है। टीकाकरण को लेकर बनी राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समिति ने इसका प्रस्ताव तैयार किया है। कोरोनारोधी टीकाकरण के लिए बनाए गए को-विन पोर्टल की सफलता के बाद यूविन पोर्टल बनाने की तैयारी की गई है। इसका फायदा होगा कि किसी भी बच्चे, किशोर- किशोरियों या गर्भवती महिला को टीका लगाने का पूरा ब्यौरा पोर्टल पर दर्ज हो जाएगा।
इसका सबसे बड़ा फायदा उन हितग्राहियों की पहचान करने में होगा जो अभी एक राज्य से दूसरे राज्य में किसी कारण से चले जाते हैं। इसके बाद यह पता लगा पाना कठिन होता है कि दूसरे राज्य में उन्हें टीका लगा या नहीं। इसमें ज्यादातर मजदूरों के बच्चे होते हैं जो काम की तलाश में बच्चों को लेकर एक से दूसरे राज्यों में आते जाते रहते हैं। वह जिस राज्य के मूल निवासी होते हैं उस राज्य के टीकाकरण के लिए बनाए गए हेल्थ मैनेजमेंट इनफॉरमेशन सिस्टम (एचएमआईएस) के पोर्टल में जानकारी दर्ज नहीं होती भले ही उसे दूसरे राज्य में टीका लग चुका होता है। इसी तरह से टीका नहीं लगने की स्थिति में भी उनसे संपर्क कर टीका लगाने की कोशिश की जाएगी।
एक बड़ा फायदा यह भी होगा कि यह पता चल सकेगा कि देश में किस उम्र वर्ग के कितने बच्चे हैं। इससे टीकाकरण कार्यक्रम संचालित करने में आसानी हो जाएगी। अभी 2011 की जनगणना के आधार पर अनुमान लगाया जाता है कि किस उम्र वर्ग के लगभग कितने बच्चे होंगे। नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में कई बार नया टीका शामिल किया जाता है, लेकिन यही पता नहीं होता है कि संबंधित उम्र वर्ग के कितने हितग्राही होंगे। इस कारण टीकाकरण कार्यक्रम ठीक से नहीं चल पाता। कई बार टीका कम पड़ जाता है।

पाठको की राय