Friday, October 23rd, 2026

रक्सौल-गोपालगंज 220 केवीए लाइन से जल्द शुरू होगी बिजली आपूर्ति

गोपालगंज
अब मुजफ्फरपुर-गोपालगंज लाइन के अलावा रक्सौल-गोपालगंज 220 केवीए लाइन का निर्माण लगभग पूरा कर लिया गया है। इस नई लाइन से आपूर्ति शुरू होते ही ग्रिड की क्षमता 400 मेगावाट से बढ़कर छह सौ मेगावाट हो जाएगी। बिजली कंपनी के अधिकारी 65 किलोमीटर नई गोपालगंज-रक्सौल लाइन से जनवरी के अंत तक या फरवरी की शुरुआत में बिजली की आपूर्ति शुरू होने की संभावना जता रहे हैं। उल्लेखनीय है कि गोपालगंज ग्रिड को एकमात्र मुजफरपुर-गोपालगंज लाइन से बिजली की आपूर्ति मिलती है। आपात स्थिति में बिजली कंपनी के अधिकारियों को जिले में महज एक आपूर्ति लाइन से बिजली बहाल रखने में कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब जबकि दूसरी लाइन तैयार हो जाएगी, तो आपातकाल में भी जिले की बिजली की निर्बाध आपूर्ति पर असर नहीं पड़ेगा।

सबस्टेशनों की पहले ही बढ़ाई जा चुकी है क्षमता
जिले में बिजली आपूर्ति में कोई बाधा उत्पन्न नहीं हो इसके लिए बिजली कंपनी ने पहले ही अपने सभी पावर सबस्टेशनों की क्षमता बढ़ा दी है। इसके अलावा एलटी व एचटी के अलावा सभी जर्जर तारों को भी बदल दिया गया है। कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि दूसरी आपूर्ति लाइन बनने के साथ सब कुछ ठीक रहा तो अगले 20 वर्षों तक जिले की बिजली आपूर्ति निर्बाध रूप से आसानी से की जाएगी।

दो पवार सबस्टेशन बन कर तैयार
बिजली कंपनी ने जिले में दो पावर सब स्टेशनों का निर्माण पूरा करा लिया है। इनमें बरौली के चंदनटोला व सदर प्रखंड के तिरबिरवां पावर सब स्टेशन शामिल हैं। कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि नवनिर्मित दोनों पावर सबस्टेशनों से जनवरी के अंत तक बिजली की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। दोनों पावर सबस्टेशनों का निर्माण बिजली कंपनी ने दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के तहत कराया है।

 

#Power supply

Source : Agency

पाठको की राय