Sunday, October 25th, 2026

पूर्णिया में पोस्टेड शिक्षक की गोली मारकर हत्या  

सोनवर्षा राज (सहरसा) 
बिहार के सहरसा जिले में बसनही थाना क्षेत्र के बड़सम गांव के बहियार में मवेशी चारा लाने गए एक दिव्यांग शिक्षक की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हालांकि हत्या क्यों हुई और किसने की इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है।

बड़सम गांव निवासी गिरीश कुमार (45) शुक्रवार दोपहर अपने मवेशी का चारा लाने बहियार गये थे। चारा लेकर घर लौटने के दौरान बदमाशों ने उसे सीने में गोली मार दी जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के कारण का पता नहीं चल पाया है। घटना स्थल पर मिले घास के दो बोझा से आशंका जताई जा रही है कि साथ वाले व्यक्ति ने ही हत्या की होगी।  गिरीश पूर्णिया जिले के बायसी प्रखंड में सहायक शिक्षक के रूप में पदस्थापित थे। 

सूचना मिलने पर बसनही थानाध्यक्ष मो अकमल हुसैन ने दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश का लगता है। पुलिस तफ्तीश के बाद मामले का पता चल पाएगा।
 

 

#गोली

Source : Agency

पाठको की राय