Wednesday, October 21st, 2026

प्रदेश में चढ़ा सियासी पारा, नरेन्द्र मोदी, राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा सब प्रचार में जुटेंगेम पीएम नरेन्द्र मोदी का रोड शो आज

भोपाल
मध्य प्रदेश में जैसे-गर्मी बढ़ रही है, वैसे-वैसे सियासी पारा भी चढ़ता जा रहा है। भाजपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के दौरे से यह और चढ़ जाएगा। पहले चरण में शामिल लोकसभा की छह सीटों पर प्रचार अब जोर पकड़ने लगा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को जबलपुर में रोड शो करेंगे तो नौ अप्रैल को वे बालाघाट में सभा कर सकते हैं।

वहीं, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी मंडला लोकसभा अंतर्गत आने वाली केवलारी विधानसभा के घंसौर और शहडोल में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। प्रियंका गांधी वाड्रा 15 अप्रैल को सतना आएंगी। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह भी प्रदेश के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्रों में सभाएं कर रहे हैं। पहले चरण में सीधी, शहडोल, जबलपुर, मंडला, बालाघाट और छिंदवाड़ा लोकसभा के लिए 19 अप्रैल को मतदान होना है। छिंदवाड़ा सीट को भाजपा ने प्रतिष्ठा का प्रश्न बनाया हुआ है और यहां मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव से लेकर पार्टी के अन्य नेताओं को लगातार दौरे हो रहे हैं। केंद्रीय नेताओं में रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जबलपुर से चुनाव अभियान में शामिल होंगे। यहां वे रोड शो करेंगे।

इसके ठीक एक दिन बाद राहुल गांधी आदिवासी वर्ग के लिए सुरक्षित मंडला लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाली केवलारी विधानसभा सीट के घंसौर पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे।यहां से वे सीधे शहडोल पहुंचेंगे और वहां भी जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह 11 अप्रैल को रीवा एवं सतना जिलों के प्रवास पर रहेंगे।

सोमवार को पहुंचेंगे घंसौर और शहडोल
रीवा जिले में वे देवतालाब विधानसभा के देवतालाब ग्राउंड में आयोजित जनसभा को संबोधित करने के बाद सतना जिले के नागौद विधानसभा के अंगोला ग्राउंड में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा 15 अप्रैल को सतना में सभा करेंगी। यहां से भाजपा ने चार बार के सांसद गणेश सिंह तो कांग्रेस ने स्थानीय विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा को प्रत्याशी बनाया है।

राजनाथ सिंह 11 को रीवा -सतना में करेंगे सभाएं, मुख्यमंत्री
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 11 अप्रैल को रीवा एवं सतना प्रवास पर रहेंगे। रविवार को मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव राजगढ एवं जबलपुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा खजुराहो, जबलपुर, लोकसभा चुनाव के प्रदेश प्रभारी डा. महेंद्र सिंह जबलपुर एवं बालाघाट, लोकसभा चुनाव के प्रदेश सह प्रभारी श्री सतीश उपाध्याय जबलपुर प्रवास पर रहेंगे।

मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव रविवार को राजगढ एवं जबलपुर प्रवास पर रहेंगे। राजगढ़ में वृहद कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे लोकसभा क्षेत्र की कोर ग्रुप की बैठक को संबोधित करने के बाद सारंगपुर पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री जबलपुर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रोड शो में शामिल होंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा रविवार को खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के बहोरीबंद विधानसभा के बिलहेरी गांव में महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे। बिलहेरी बस्ती में लाभार्थियों से संपर्क करेंगे। जबलपुर में प्रधानमंत्री मोदी के रोड शो में शामिल होंगे। लोकसभा चुनाव के प्रदेश प्रभारी डा. महेंद्र सिंह रविवार को जबलपुर एवं बालाघाट प्रवास के दौरान स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। लोकसभा चुनाव के प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय रविवार को जबलपुर प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान आप स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

 

#प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

Source : Agency

पाठको की राय