Thursday, October 22nd, 2026

जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव को लेकर मध्य प्रदेश में सियासी पारा हाई, उमंग सिंघार ने PoK का जिक्र कर उठाए सवाल

जम्मू कश्मीर
जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव को लेकर मध्य प्रदेश में सियासी पारा हाई है. विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से प्रश्न किया है कि पाक अधिकृत कश्मीर कब भारत का हिस्सा बनेगा? नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के इस सवाल पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पलटवार किया है. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हालिया दिनों जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के दौरान प्रचार करने के लिए गए थे. इस दौरान उन्होंने अनुच्छेद 370 को लेकर भी बयान दिया. उन्होंने कहा कि जो कहते थे कि अनुच्छेद 370 हटा तो खून की नदियां बह जाएंगी, आज वे जहां भी होंगे, देख रहे होंगे. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा था. इसे लेकर अब कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से सवाल किया है. उन्होंने कहा कि धारा 370 हटाने का मामला पुराना हो गया है. अब वर्तमान की बात करना होगी.

उमंग सिंघार ने क्या कहा?
कांग्रेस नेता उमंग सिंघार ने सीएम मोहन यादव से पूछा कि "पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर भारत का हिस्सा कब बनेगा? इस पर भी मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का बयान आना चाहिए." उन्होंने कहा, "क्या मुख्यमंत्री मोहन यादव यह नहीं मानते हैं कि पाक अधिकृत कश्मीर भारत का हिस्सा है?"

उमंग सिंघार पर बीजेपी का पलटवार
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजपाल सिंह सिसोदिया ने उमंग सिंघार के सवाल पर पलटवार करते हुए कहा, "पाक अधिकृत कश्मीर की बात करने वाले विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष को एक बार राहुल गांधी से इस बारे में चर्चा जरूर करनी चाहिए."  

'उनकी कुर्सी आ सकती है खतरे में'
बीजेपी प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि "उमंग सिंघार के इस सवाल से उनकी कुर्सी खतरे में आ सकती है. कांग्रेस और राहुल गांधी के विचार पाकिस्तान को लेकर अलग हैं." उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं है तो फिर राहुल गांधी को भी इस मांग को उठानी चाहिए. बीजेपी प्रवक्ता ने दावा किया कि पाकिस्तान के कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस के नेताओं के बयान जिस दिन अलग-अलग आएंगे, उसी दिन पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर भारत का हिस्सा होगा.

 

#Madhya Pradesh regarding Jammu Kashmir assembly elections

Source : Agency

पाठको की राय