Saturday, October 24th, 2026

झारखंड में पुलिसकर्मियों ने फौजी को बीच बाजार लाठी-डंडों से पीटा 

चतरा
झारखंड में चतरा के मयूरहंड थाना क्षेत्र अंतर्गत करमा बाजार में कुछ पुलिसकर्मियों ने 'खाकी' को बदनाम किया। यहां पुलिसकर्मियों ने सेना के एक जवान को सड़क पर पटक-पटक कर पीटा। उसे डंडे भी मारे। कई पुलिसकर्मियों द्वारा जवान के साथ क्रूरतापूर्वक पिटाई की गई। इस घटना का वीडियो सोशल साइट्स पर वायरल हो गया। वीडियो देख-देखकर सोशल साइट्स के यूजर्स के बीच गुस्सा भड़क उठा। इस मामले में अब 2 अधिकारियों के साथ 3 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। झारखंड की घटना जानकारी के मुताबिक, पुलिस चतरा में मास्क चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने बाइक सवार सेना के जवान को रोका। उस जवान का नाम पवन कुमार यादव बताया जा रहा है।

 पवन से पुलिसकर्मियों की मास्क को लेकर कहासुनी हुई और उसके बाद पुलिसवालों ने उसे बेरहमी से पीटा। कई पुलिसवाले उसमें लात-घूंसते मारते दिख रहे थे। स्थानीय लोगों ने यह सब देखा। हालांकि, पुलिसकर्मियों के झुंड के आगे उनका बस नहीं चला। बाद में जब वीडियो वायरल हुआ तो इस मामले ने तूल पकड़ा। फिर चतरा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय में अधिकारियों द्वारा सौंपी गई घटना की रिपोर्ट के आधार पर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की गई। 

जब मास्क के नाम पर पुलिसकर्मियों ने उसे रोका और बाइक की चाबियां छीन लीं। उसके बाद विरोध करने पर पीटा। स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मियों से उसे बचाने की कोशिश की। लोगों के विरोध को देखते हुए पुलिसकर्मी उसे पुलिस थाने ले गए। उधर, जब वीडियो वायरल हुआ तो यह मामला पुलिस के उच्चाधिकारियों तक पहुंच गया। एसपी राकेश रंजन ने जांच-पड़ताल कर कार्रवाई के आदेश दिए। 

3 पुलिसकर्मी सस्पेंड, 2 अधिकारी नपे डीएसपी मुख्यालय केदार राम से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद इस मामले में बड़ी कार्रवाई हुई। जिसमें सेना के जवान को पीटने वाले 3 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। वहीं, 2 सहायक पुलिसकर्मी को लाइन क्लोज कर दिया गया। एसपी ने कहा कि, वीडियो फुटेज में दिख रहे पुलिसकर्मियों के खिलाफ एक्शन लिया गया है। इस मामले में डीएसपी मुख्यालय केदार राम की जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। 

 

Source : Agency

पाठको की राय