Saturday, October 24th, 2026

बस स्टैंड में पुलिस ने की अचानक दबिश, मिले गांजा व नगदी व सोने-चांदी के जेवरात

रायपुर। भाठागांव स्थित बस स्टैंड में पुलिस को लगातार गांजा तस्करी की सूचना मिल रही थी, इसी बीच पुलिस ने शनिवार की दोपहर अचानक दबिश दी और ओडिशा से आने वाली बस को चेक किया गया जिसमें सीट के नीचे 2 किलो गांजा मिला। वहीं सूरजपुर से आने वाले बस में तीन कारोबारियों के पास से लाखों रुपये नगद, सोने व चांदी के जेवरात को जप्त किया। थाने लाकर कारोबारियों से पूछताछ की गई और वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के बाद पुलिस ने सकुशल सुपुर्द कर दिया।

नगर पुलिस अधीक्षक पुरानी बस्ती राजेश चौधरी के नेतृत्व में थाना प्रभारी टिकरापारा अमित बेरिया, थाना प्रभारी तेलीबांधा सोनल ग्वाला सहित थानों एवं रक्षित केन्द्र के पुलिस बलों व डॉग स्क्वाड की टीम ने बस स्टैण्ड़ में अन्य राज्यों एवं जिलों से आने वाली बसों, संदिग्ध यात्रियों एवं यात्रियों के सामानों की आकस्मिक जांच की। इस दौरान पुलिस ने 60 - 65 बसों की चेकिंग किया जहां ओड़िसा से आने वाली एक बस में सीट के नीचे 2 किलोग्राम लावारिस हालत में रखे गांजा को जप्त किया। इसी प्रकार सूरजपुर से आने वाली बस में सोने चांदी के 3 कारोबारियों के पास लाखों रुपए के नगदी रकम एवं लाखों रुपए कीमत के सोने एवं चांदी के जेवरात रखने पर उसे जप्त किया और तीनों कारोबारियों को टिकरापारा थाने लाकर रुपए एवं जेवरातों के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने कहा, जिस पर कारोबारियों ने वैध दस्तावेज प्रस्तुत किया और पुलिस ने नगदी रकम एवं सोने चांदी के जेवरात सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया।

 

Source : Agency

पाठको की राय