Friday, October 23rd, 2026

अतीक अहमद के पांच बेटों के करीबियों के यहां पुलिस के छापे, कॉन्‍वेंट में पढ़ रहे कई दोस्‍तों से पूछताछ

 प्रयागराज

उमेश पाल और गनर की हत्‍या के बाद शूटरों की तलाश में जुटी एक दर्जन पुलिस टीमों में दो टीमें अतीक अहमद के पांच बेटों के करीबियों के घर दबिश दे रही हैं। अतीक के बेटों के कई दोस्‍त कॉन्‍वेंट स्‍कूलों के छात्र हैं। पुलिस टीमों ने करेली, रोशनबाग, मिन्‍हाजपुर, सिविल लाइंस, नैनी आदि इलाकों में छापामारी कर इनसे पूछताछ की।

कई दोस्‍तों और उनके परिवार के सदस्‍यों को थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है। जिन-जिन दोस्‍तों से अतीक के बेटों की मोबाइल पर बात होती रही है, उनसे खासतौर पर जानकारी जुटाई जा रही है। अतीक के बेटे असद, अहजम और अबान के साथ पढ़ने वाले, घूमने वालों पर पुलिस की नजर है।

घायल गनर की हालत नाजुक
पीजीआई के ट्रामा में भर्ती राजूपाल हत्याकांड के मुख्य गवाह पर हमले के दौरान घायल गनर राघवेन्द्र की हालत बेहद गंभीर है। आईसीयू भर्ती मरीज को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। गनर के शरीर में संक्रमण अधिक होने की वजह से दो से तीन दिन अहम हैं। प्रयागराज में गनर की हालत में सुधार न होने पर शनिवार की रात पीजीआई के ट्रामा सेंटर में शिफ्ट किया गया। गोली लगने के साथ ही बम के हमले से गनर का शरीर कई जगह क्षतिग्रस्त हो गया है। पूरे शरीर में संक्रमण फैल गया है।

 

 

#अतीक अहमद

Source : Agency

पाठको की राय