Thursday, October 22nd, 2026

अमेरिका में भारतीय छात्रा की मौत के बाद असंवेदनशील टिप्पणियां करने पर पुलिस अधिकारी को बर्खास्त कर दिया

वाशिंगटन
अमेरिका में भारतीय छात्रा की मौत के बाद असंवेदनशील टिप्पणियां करने और हंसने वाले एक पुलिस अधिकारी को बर्खास्त कर दिया गया है। वॉशिंगटन के नॉर्थईस्टर्न यूनिवर्सिटी की छात्रा जाह्नवी कंडुला (23) जब 23 जनवरी को सड़क पार कर रही थी, तब पुलिस के एक वाहन ने उसे टक्कर मार दी थी। इस वाहन को केविन डेव नाम का अधिकारी चला रहा था।

तब वह एक अन्य मामले की जांच के लिए तेजी से वाहन चलाते हुए जा रहा था। वाहन के टक्कर मारने के बाद कंडुला 100 फुट दूर जा कर गिरी थी। सिएटल पुलिस विभाग द्वारा जारी 'बॉडीकैम फुटेज' में अधिकारी डैनियल ऑडरर भीषण दुर्घटना पर हंसते हुए और यह कहते सुनाई दिया कि ''ओह, मुझे लगता है कि वह बोनट पर आ गिरी, आगे के शीशे से टकराई और फिर जब उसने (पुलिस वाहन के चालक ने) ब्रेक मारे तो कार से दूर जाकर गिरी... वह मर चुकी है।''

अनुशासनात्मक कार्रवाई रिपोर्ट में कहा गया कि ये असंवेदनशील टिप्पणियां करने के बाद ऑडरर ''चार सेकंड तक जोर-जोर से हंसा।'' सिएटल पुलिस विभाग की कार्यवाहक प्रमुख स्यू राह ने एक ई-मेल में कहा कि ऑडरर की टिप्पणियों से कंडुला के परिवार को जो पीड़ा पहुंची उसे ''दूर नहीं किया जा सकता।  पुलिस अधिकारी के कृत्य ने सिएटल पुलिस विभाग और हमारे पूरे पेशे को शर्मसार कर किया है, जिससे हर पुलिस अधिकारी का काम और अधिक कठिन हो गया है।''

राह ने कहा कि संस्था की प्रमुख के रूप में उनका कर्तव्य है कि जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए उच्च मानकों को बरकरार रखा जाए। उन्होंने कहा, '' इस अधिकारी को हमारे बल में बने रहने देना पूरे विभाग का अपमान होगा। इस कारण से मैं उसे बर्खास्त कर रही हूं।'

 

 

#Police officer sacked

Source : Agency

पाठको की राय