Friday, October 23rd, 2026

लोहरदगा शहर में लगातार हो रही चोरियों का पुलिस ने किया पर्दाफाश, चार गिरफ्तार

लोहरदगा
झारखंड के लोहरदगा जिले के सदर थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने लोहरदगा सदर थाना क्षेत्र के अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जिनके पास से चोरी का सामान भी बरामद किया गया है। पुलिस ने चोरी के जेवरात खरीदने के मामले में एक सर्राफा व्यवसाई को भी गिरफ्तार किया है। लोहरदगा जिले के सदर थाना पुलिस के लिए यह बड़ी सफलता है। पुलिस इस मामले को लेकर प्रेस वार्ता कर सकती है। हालांकि पूरे मामले को लेकर फिलहाल कोई भी अधिकारी का बयान सामने नहीं आया है।

इन क्षेत्रों में हुई चोरी के मामले में किया गया गिरफ्तार
सूत्रों की माने तो शहरी क्षेत्र के किस्को मोड़, रेलवे ब्रिज, नवाड़ीपाड़ा रोड और सेवानिवृत्त सेना के जवान के घर में गृह भेदन के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार गिरोह के सदस्यों में लोहरदगा शहरी क्षेत्र के मुख्य डाकघर के समीप रहने वाला एक व्यक्ति, दुपट्टा मोड़ के समीप रहने वाला एक व्यक्ति, जुरिया का रहने वाला एक व्यक्ति और बरवाटोली में सर्राफा प्रतिष्ठान चलाने वाला एक व्यवसाई शामिल है।

चोरों ने पुलिस को दिया कई अहम जानकारियां
सूत्रों की माने तो लगातार हो रही चोरियों को लेकर एसपी आर रामकुमार ने मामले को गंभीरता से लिया था। साथ ही पुलिस टीम का गठन करते हुए कार्रवाई का निर्देश दिया था। जिसके बाद पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया और इनके पास से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है। पूछताछ में चारों ने पुलिस को कई अहम जानकारियां भी दी हैं।

 

#Police exposed

Source : Agency

पाठको की राय