Tuesday, October 20th, 2026

रोज कमाने-खाने वाले गरीबों का सहारा बनी पुलिस

जबलपुर। कोरोना संक्रमण के दौर में लॉकडाउन के दौरान रोजी रोटी के संकट से जूझ रहे गरीब परिवारों के लिए पुलिस जीने का सहारा बन गई है। एसपी के निर्देश पर शहर के विभिन्न इलाकों में रहने वाले खानाबदोश, गरीब तबके के लोगों तथा रोज कमाने खाने वालों को थाना प्रभारियों द्वारा राशन एवं अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। पुलिस की इस मानवीयता से कई गरीब परिवारों मैं रोजी रोटी का संकट दूर हो गया है।

पुलिस ने बताया कि कोरोना संक्रमण एवं लॉकडाउन को देखते हुए गरीब तबके के लोगों की मदद के लिए एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा की पहल पर थाना रांझी, संजीवनी नगर एवं अधारताल थाना प्रभारियों द्वारा स्वयंसेवी संस्थाओं एवं जन सहयोग के माध्यम से गरीब तबके के लोगों को खाने पीने का राशन एवं भोजन प्रतिदिन उपलब्ध कराया जा रहा है। थाना प्रभारी अधारताल शैलेष मिश्रा द्वारा स्वयंसेवी संस्थाओं, जन सहयोग से करौंदा बाईपास पर तंबू लगाकर जड़ी बूटी बेचकर अपना जीवन यापन करने वाले खानाबदोश लगभग 65 लोगों एवं बच्चों को प्रतिदिन नाश्ता एवं भोजन की व्यवस्था की जा रही है। इसी प्रकार थाना रांझी अंतर्गत परशुराम कुंड में गरीब तबके के लोग रहते हैं, काम धंधा बंद होने के कारण उनके पास खाने-पीने की सामग्री नहीं है ऐसे सभी लोगों को थाना प्रभारी रांझी आरके मालवीय एवं स्टाफ द्वारा स्वयंसेवी संस्थाओं,जन सहयोग  से संपर्क कर खाने-पीने की राशन सामग्री उपलब्ध कराई जा रहे हैं। थाना प्रभारी संजीवनी नगर भूमेश्वरी चौहान द्वारा भी स्वयंसेवी संस्थाओं, जन सहयोग  के माध्यम से थाना क्षेत्र अंतर्गत गरीब बस्तियों में राशन एवं फल वितरित किए जा रहे हैं।

 

Source : Agency

पाठको की राय