Friday, October 23rd, 2026

कवर्धा हादसे में 19 की मौत के बाद जागा पुलिस प्रशासन, 130 मालवाहन मालिकों से 90 हजार रुपये का वसूला जुर्माना

कवर्धा.

छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में 20 मई सोमवार को भीषण सड़क हादसे में 19 लोगों की मौत हुई थी। पंडरिया ब्लॉक अंतर्गत कुकदूर थाना क्षेत्र के ग्राम बाहपानी में ग्रामीणों से भरा पिकअप खाई में गिर गया था। इससें 19 लोगों की मौत व 16 घायल हुए थे। हादसे के बाद पुलिस व प्रशासन जागा है। परिवहन विभाग व पुलिस की टीम ने ऐसे मालवाहक वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, जो अपने मालवाहन में सवारी ढोने का काम कर रही है।

जिले में अब तक 130 मालवाहक में सवारी ढोने वाले मालिकों से 90 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया है। कबीरधाम के जिला परिवहन अधिकारी एमएल साहू ने बताया कि मालवाहनों में यात्री और सवारी परिवहन कर रहे कुल 35 वाहन पर 50 हजार 700 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही वाहन चालक और सवार लोगों को समझाइश दी जा रही है कि इस प्रकार मालवाहन का उपयोग कर यात्रा न करें। इसी प्रकार कबीरधाम पुलिस ने 95 प्रकरण में कुल 38 हजार 700 रुपये का समन शुल्क वसूला है। इधर, भीषण सड़क दुर्घटना में मारे गए 19 ग्रामीणों के वारिसों और घायल हुए 16 ग्रामीणों को आर्थिक सहायता राशि दी गई है। इसमें 19 मृतक के निकतटम वारिसों को 25-25 हजार रुपये की दर से कुल 4 लाख 75 हजार रुपये और घायल हुए 16 व्यक्तियों को दस-दस हजार रुपये कुल एक लाख 60 हजार रुपये स्वीकर कर राशि प्रदान की गई है। इसके अलावा वन विभाग द्वारा भी सहायता अनुदान राशि दी जाएगी।

वहीं, घटना 5वें दिन मृतक के गांव सेमहरा में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज व उनकी टीम पहुंची हुई थी। उन्होंने बाहपानी में हुए भीषण सड़क दुर्घटना में मृत तेंदूपत्ता श्रमिकों के गांव सेमरहा पहुंचकर मृतकों के परिजनों के घर जाकर शोक संतप्त परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। राज्य सरकार से मांग की कि घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था व मृतकों व घायलों के परिवार को उचित मुआवजा दें।

 

#90 thousand Rs Fine#130 goods vehicle#Kawardha-Chhattisgarh

Source : Agency

पाठको की राय