Saturday, October 24th, 2026

12 मई को पटना में रोड शो करेंगे पीएम मोदी

पटना

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगामी 12 मई को बिहार की राजधानी पटना में रोड शो करेंगे। बिहार भाजपा के प्रस्ताव पर पीएमओ की मंजूरी मिल गई है। पीएम पटना में रात्रि विश्राम भी करेंगे। प्रधानमंत्री की ओर से बिहार में पहली बार रोड शो किया जा रहा है। पार्टी नेताओं के अनुसार प्रधानमंत्री के रोड शो का प्रस्ताव बीते दिनों भेजा गया था। अब पीएमओ ने इसकी मंजूरी दे दी है।

पीएमओ से मंजूरी मिलने के साथ ही पटना में पीएम के रोड शो का चार्ट तैयार किया जा रहा है। पीएम मोदी कम से कम आधे घंटे शहर में रोड शो करेंगे। मौजूदा प्रस्ताव के अनुसार आयकर गोलम्बर से पीएम का रोड शो शुरू होगा। डाकबंगला चौराहा होते हुए कदमकुआं में रोड शो समाप्त होगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सह उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि रोड शो को लेकर आवश्यक तैयारी की जा रही है।

रोड शो के अगले दिन यानी 13 मई को पीएम राज्य के तीन लोकसभा क्षेत्र साढ़े नौ बजे हाजीपुर, साढ़े दस बजे वैशाली के मोतीपुर तो साढ़े 12 बजे सारण में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। गौरतलब है कि इसके पहले पीएम मोदी सात चुनावी सभा को संबोधित कर चुके हैं। इसके तहत 4 अप्रैल को जमुई, 7 अप्रैल को नवादा, 16 अप्रैल को गया व पूर्णिया, 26 अप्रैल अररिया के फारबिसगंज और मुंगेर जबकि चार 4 मई को दरभंगा में चुनावी सभा को संबोधित कर चुके हैँ।  

 

 

Source : Agency

पाठको की राय