Saturday, October 24th, 2026

PM मोदी सोमवार को 9वें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस समारोह में लेंगे हिस्सा

नई दिल्ली  
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को यहां प्रगति मैदान के भारत मंडपम में राष्ट्रीय हथकरघा दिवस समारोह में भाग लेंगे। उनके कार्यालय ने यह जानकारी दी। इस साल नौवां राष्ट्रीय हथकरघा दिवस मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि मोदी सात अगस्त को दोपहर 12 बजे दिल्ली में प्रगति मैदान के भारत मंडपम में राष्ट्रीय हथकरघा दिवस समारोह में भाग लेंगे।

बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री हमेशा कारीगरों और शिल्पकारों को प्रोत्साहन और नीतिगत समर्थन देने के दृढ़ समर्थक रहे हैं, जो देश की कलात्मकता और शिल्प कौशल की समृद्ध परंपरा को जीवित रखे हुए हैं। इस दृष्टिकोण से प्रेरित होकर, सरकार ने सात अगस्त, 2015 से राष्ट्रीय हथकरघा दिवस मनाना शुरू किया। इस तारीख को स्वदेशी आंदोलन की वजह से चुना गया, जिसकी शुरुआत सात अगस्त, 1905 को हुई थी। इस आंदोलन के जरिए स्वदेशी उद्योगों और विशेष रूप से हथकरघा बुनकरों को प्रोत्साहित किया गया था।

 

 

#PM मोदी

Source : Agency

पाठको की राय