माँ नर्मदा को वर्ष भर निर्मल और स्वच्छ रखने का प्रण करें- मंत्री सुश्री ठाकुर
खरगोन
संस्कृति, पर्यटन और अध्यात्म मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने नर्मदा जयंती के अवसर पर मंडलेश्वर खरगोन में आयोजित निर्झरणी महोत्सव में शामिल हुई। सुश्री ठाकुर ने माँ नर्मदा का पूजन अर्चन किया। मंत्री सुश्री ठाकुर ने उपस्थित जनसमुदाय से माँ नर्मदा को वर्ष भर निर्मल और स्वच्छ रखने का प्रण करने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि माँ नर्मदा में सिंथेटिक चुनरी और फूलमालाओं को प्रवाहित करने से बचाना होगा। जिससे आने वाली पीढ़ियों को भी माँ नर्मदा का आशीर्वाद प्राप्त हो। मंत्री सुश्री ठाकुर ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को एक पौधा लगाना चाहिए। उसको सुरक्षित रखते हुए पेड़ बनाने का भी संकल्प लेना चाहिए।
गाय का गोबर, उड़द और चावल के दीये प्रवाहित करें
मंत्री सुश्री ठाकुर ने कहा कि माँ नर्मदा के आंचल में पलने वाले सैकड़ो जीवों और जल को निर्मल रखने के लिए गाय के गोबर, उड़द और चावल के आटे से बने दीये प्रवाहित करने चाहिए। इसकी पहल करते हुए संस्कृति विभाग द्वारा 11 हजार दीये प्रवाहित किये गए। मंडलेश्वर में माँ नर्मदा की आरती में विशाल जनसमुदाय ने पूजन किया। महोत्सव में सुश्री सुचित्रा हरमलकर, कार्तिक कला केन्द्र इंदौर द्वारा अमृतस्य नर्मदा नृत्य नाटिका की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। इसके साथ ही विशेष रूप से माँ नर्मदा पर केन्द्रित 'जीवन रेखा' और 'राग ऑफ रिवर नर्मदा' फ़िल्म भी प्रदर्शित की गई। इस दौरान महेश्वर पूर्व विधायक श्री भूपेंद्र आर्य सहित आमजन उपस्थित रहे।

पाठको की राय