आरा में लूटपाट का विरोध करने पर पिकअप सवार युवक की चाकू मारकर हत्या, चालक जख्मी
आरा
आरा-पटना बाईपास पर शहर में बुधवार की रात लूटपाट के दौरान अपराधियों ने पिकअप सवार एक युवक की चाकू मार हत्याकर दी। इस दौरान पिकअप चालक को भी चाकू मार दिया गया। वह भी जख्मी हो गया। घटना आरा नगर थाना क्षेत्र के पास इंदू तपेश्वर महिला कॉलेज के पास हुई। मारा गया युवक पटना जिले के फतुहा के दशमाहतपुर निवासी धनंजय कुमार था। जख्मी चालक उसी थाना क्षेत्र के नियाजीपुर गांव का गांगुली कुमार है। इस दौरान दोनों से दो हजार रुपये और मोबाइल भी छीन लिये गये। बताया जा रहा है कि दोनों बक्सर सदर अस्पताल में दवा लाद कर गये थे। दवा अनलोड करने के बाद दोनों फतुहा लौट रहे थे। महिला कॉलेज के पास पिकअप खराब हो गयी। इस पर दोनों मैकैनिक खोजने लगे। तभी दो बदमाश पहुंचे ओर लूटपाट करने लगे। इसी क्रम में अपराधियों ने दोनों को चाकू मार दिया। नगर और नवादा थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गयी है। मामले की छानबीन और अपराधियों की धरपकड़ के लिये छापेमारी की जा रही है।

पाठको की राय