Sunday, October 25th, 2026

रायसेन में मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, 28 घायल, 5 की हालत गंभीर

गैरतगंज
 बुधवार की सुबह रायसेन जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जिसने मजदूरों को लेकर जा रहे एक पिकअप वाहन को पलट दिया। इस दर्दनाक घटना में 28 मजदूर घायल हो गए, जिनमें से 5 की हालत गंभीर होने पर उन्हें भोपाल रेफर किया गया है। यह हादसा देहगांव थाना क्षेत्र के मुड़िया खेड़ा के पास भोपाल-सागर मुख्य मार्ग पर हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गढ़ी कस्बे के खैरुआ मोहल्ले से लगभग 40 मजदूर धान लगाने एक पिकअप वाहन में बैठकर जा जा रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 9 बजे, पिकअप वाहन मुड़िया खेड़ा के पास तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने फौरन मदद के लिए हाथ बढ़ाया और घायलों को वाहन से बाहर निकाला। 100 डायल की सहायता से सभी घायलों को तत्काल रायसेन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। पांच गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए भोपाल रेफर किया गया है।

घायलों के नाम

हरिराम कुशवाहा, दीपेश कुशवाहा, गंगाबाई अहिरवार, सोनू अहिरवार, रानी बाई, कमल ठाकुर, बलवान, केसर बाई अहिरवार, परशुराम कुशवाहा, राजेश बंसल, अंजलि, रागनी, शीला बाई, कमल सिंह, लक्ष्मी नारायण, अजय सिंह, सविता आदिवासी, कल्लू आदिवासी, पूनम बाई, हल्की अहिरवार, कमलेश आदिवासी, रूप सिंह अहिरवार, किशोरी, रानी बाई, राजकुमारी, दीपाली, लखन रैकवार, प्रवेश शामिल है।

 

#accident

Source : Agency

पाठको की राय