Sunday, October 25th, 2026

नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव में गुंडागर्दी करने वालों पर PHQ ने दिए नजर रखने के निर्देश


भोपाल
पिछले कुछ चुनावों में गुंडागर्दी करने वाले बदमाशों का नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव में पूरा डाटा तैयार किया जाएगा। पुलिस अधीक्षकों को इस संबंध में पुलिस मुख्यालय से निर्देश दिए गए हैं। इतना ही नहीं इन पर पूरे चुनाव के दौरान पुलिस की नजर भी रहेगी। इसके बाद भी गड़बड़ी करने का प्रयास किया तो पुलिस इनकी जमकर खबर ले सकती है।

पुलिस मुख्यालय ने सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि ऐसे लोगों का रिकॉर्ड खंगाला जाए जिन्होंने पिछले चुनावों में गुंडागर्दी कर मतदान प्रभावित करने का प्रयास किया हो या चुनाव में अपनी गुंडागर्दी के दम पर किसी के पक्ष में या अन्य तरह से वोट डालने के लिए दबाव बनाया हो। ऐसी सभी पुरानी शिकायतों को निकाला जाए । इन शिकायतों पर हुए एक्शन को भी देखा जाए। इसके साथ ही इन पर अभी से नजर रखी जाए।

वोटिंग से पहले होगी कार्रवाई
यदि ये लोग अब भी गुंडागर्दी के दम पर मतदान को प्रभावित या अन्य अवैधानिक गतिविधियों में लिप्त पाये हुए जा रहे हैं, तो उन पर मतदान से पूर्व ही एक्शन लिया जाए। इस संबंध में सभी पुलिस अधीक्षकों को ऐसे लोगों के नाम के साथ ही इस वक्त वे क्या कर रहे हैं आदि की जानकारी एकत्रित करना होगी। यह जानकारी पुलिस मुख्यालय को भी भेजना होगी। पुलिस मुख्यालय की स्पेशल ब्रांच भी ऐसे लोगों पर अपनी नजर रखेगा।

 

Source : Agency

पाठको की राय