गोरखपुर के चौराहों पर चस्पा होंगे उपद्रवियों के फोटो, एक आरोपी की पहचान पर मिलेगा 1 हजार
गोरखपुर
मृतक सैनिक धनंजय यादव की मौत को मोहरा बनाकर सीएम के शपथ ग्रहण के दिन चौरीचौरा के भोपा बाजार में उपद्रव करने वाले बवालियों के पोस्टर अब चौराहों पर चस्पा होंगे। प्रत्येक आरोपी की पहचान करने पर एक-एक हजार रुपये का इनाम मिलेगा। पहचान करने वालों के नाम पुलिस गोपनीय रखेगी। फरार आरोपितों पर अब पुलिस और सख्ती करेगी।
वहीं तीनों इनामी आरोपितों में शामिल सपा नेता मनुरोजन यादव, नरसिंह यादव व अरविंद यादव पर वर्तमान में 25-25 हजार का इनाम है। गुरुवार को जिला पुलिस ने इनाम बढ़ाने के लिए प्रस्ताव बनाकर डीआईजी व एडीजी कार्यालय भेजा है। वहीं पुलिस अब कोर्ट से भी वारंट लेने व कुर्की की तैयारी में जुटी है। मामले में 56 नामजद व 200 अज्ञात पर केस दर्ज है। पुलिस ने झंगहा के गोपलापुर निवासी रोहित यादव, राघोपट्टी पड़री निवासी सुधांशु तिवारी, मनीष तिवारी, रवि प्रकाश त्रिपाठी,शब्बीर अहमद उर्फ डब्लू, सपा के मुंडेरा बाजार के सभासद वसीम मोहम्मद, शत्रुघ्न, अभिमन्यू विश्वकर्मा, डब्लू यादव, आदित्य यादव, जय चंद मल्लाह, भाजपा के सरदारनगर प्रमुख के रिश्तेदार राजेश यादव, बृजेश यादव को गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि 47 नामजद व 196 अज्ञात आरोपित फरार हैं।
आरोपितों में शामिल मनुरोजन यादव चौरीचौरा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष गीतांजलि यादव के पति हैं। वह पूर्व जिला महासचिव भी रह चुके हैं। उनके खिलाफ पहले से भी खोराबार में जमीन के एक मामले में केस है तो बड़हलगंज में भी महाराणा प्रताप पर टिप्पणी करने का केस दर्ज है। वहीं वर्ष 2020 में सपा की महिला नेत्री पर अभद्र टिप्पणी करने का भी मामला सामने आया था। इसके बाद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने उनके खिलाफ नोटिस जारी किया था। वहीं फरार नरसिंह प्रधानी चुनाव में हुए ब्रह्मपुर चौकी पर आगजनी के मामले में भी आरोपी हैं। माना जा रहा है कि इस सप्ताह अगर तीनों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो अगले सप्ताह इनाम की राशि बढ़ाकर 50-50 हजार कर दी जाएगी।

पाठको की राय