Sunday, October 25th, 2026

वैक्सीन के लिए भटके लोग तब कहीं जाकर आज पहुंचा 20 बॉक्स कोवैक्सीन

रायपुर
बुधवार को राजधानी समेत प्रदेश के कई जिलों में लोग वैक्सीन लगवाने के लिए भटकते रहे लेकिन केन्द्रों मे वैक्सी नहीं होने के कारण लोगों को वापस लौटना पड़ा। धमतरी व सुकमा जिले में पूरी तरह से बंद रहा। इस बीच केन्द्र से आज फिर नई खेप पहुंची है इसलिए कहा जा सकता है कि एक दो दिन में स्थिति सामान्य हो जायेगी।

इस बीच रायपुर हवाई अड्डे पर को-वैक्सीन टीके के 20 बॉक्स पहुंचे हैं। राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. वीआर भगत ने बताया आज को-वैक्सीन की एक लाख एक हजार डोज मिली है। शाम तक कोविशील्ड के तीन लाख डोज और मिल जाएंगे। डॉ. भगत ने बताया, इसे जिलों को भेजा जाएगा। एक-दो दिनों में जिलों में टीकाकरण की गति सामान्य हो जाएगी।

केंद्र सरकार से अगस्त के लिए 19 लाख 90 हजार 890 डोज आवंटित हुआ है। इसमें कोवीशील्ड की 17 लाख 45 हजार 890 डोज और कोवैक्सिन की 2 लाख 45 हजार डोज शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है, छत्तीसगढ़ में प्रतिदिन 3.5 लाख से 4 लाख लोगों को वैक्सीन लगाने की क्षमता है। समय पर टीका उपलब्ध नहीं हो पाने की वजह से इसका उपयोग नहीं हो पा रहा है।जुलाई महीने में भी जैसे.तैसे करके करीब 20 लाख डोज टीके आए थे। इनमें से अधिकतर कोवीशील्ड हैं। टीकों की संख्या बढ़ाने के लिए सरकार पत्राचार कर रही है। पिछले महीने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर एक करोड़ डोज की मांग की थी। केंद्र सरकार के अफसरों का कहना है कि टीकों का उत्पादन कम है, ऐसे में सभी राज्यों को आनुपातिक आवंटन किया जा रहा है।

 

#vaccine

Source : Agency

पाठको की राय