Friday, October 23rd, 2026

सभी धर्मों के लोग एकजुट होकर देश के दुश्मनों को बेनकाब करेंगे: लेफ्टिनेंट जनरल डीपी पांडेय

जम्मू
श्रीनगर में हुईं हत्याओं पर सेना का बयान आया है। लेफ्टिनेंट जनरल डीपी पांडेय, जनरल ऑफिसर कमांडिंग जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) चिनार कॉर्प्स ने कहा कि ये हत्याएं निंदनीय हैं। मुझे विश्वास है कि कश्मीरी उन तत्वों को बेनकाब करेंगे जो कश्मीरी समाज को सांप्रदायिक आधार पर विभाजित करने की कोशिश कर रहे हैं।

लेफ्टिनेंट जनरल डीपी पांडेय ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में सकारात्मक बदलावों की वजह से अवाम और देश के दुश्मन ऐसी हरकतें कर रहे हैं। मुझे यकीन है कि कश्मीर में सभी धर्मों के लोग एकजुट होकर इनको बेनकाब करेंगे।

कश्मीर घाटी में इस महीने हुई टारगेट किलिंग के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इस बीच हमले में शामिल आतंकियों की धरपकड़ के लिए पूरे कश्मीर में कई जगहों पर छापे मारकर 500 से अधिक युवाओं को हिरासत में लिया गया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। पकड़े गए युवाओं में पत्थरबाज, ओजीडब्ल्यू की संदिग्ध सूची में शामिल युवा और जमात-ए-इस्लामी व तहरीक-ए-हुर्रियत से जुड़े कैडर भी हैं।

 केंद्र से भेजे गए आईबी के वरिष्ठ अधिकारी पूरी स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। घाटी के सभी जिलों में संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाने के साथ ही अल्पसंख्यकों की कालोनियों में भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। कुछ नाके बढ़ाए गए हैं, जहां से आने जाने वाले प्रत्येक की तलाशी ली जा रही है।

 

#Lt Gen DP Pandey

Source : Agency

पाठको की राय