Thursday, October 22nd, 2026

वनडे विश्व कप 2023 से पहले PCB को लगा झटका, मोहम्मद हफीज ने दिया इस्तीफा

लाहौर 
 पूर्व कप्तान मोहम्मद हफीज ने एक दिवसीय विश्व कप से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की तकनीकी समिति से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने एशिया कप में पाकिस्तान के खराब प्रदर्शन को लेकर बुलाई गई समीक्षा बैठक के तुरंत बाद यह फैसला किया। इस दो दिवसीय सत्र के दौरान पाकिस्तान की टीम में दो बदलाव किए गए तथा चोटिल तेज गेंदबाज नसीम शाह और ऑलराउंडर फहीम अशरफ की जगह तेज गेंदबाज जमान खान और स्पिनर अबरार अहमद को विश्व कप की 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया। 

हफीज ने ट्विटर पर लिखा, ‘मैंने पाकिस्तान क्रिकेट की तकनीकी समिति से इस्तीफा देने का फैसला किया है। मैं मानद सदस्य के रूप में कम कर रहा था। मुझे यह अवसर देने के लिए मैं जका अशरफ का आभार व्यक्त करता हूं। पाकिस्तान क्रिकेट को लेकर जका अशरफ को जब भी मेरी सेवाओं की जरूरत पड़ेगी मैं उपलब्ध रहूंगा। हमेशा की तरह पाकिस्तान क्रिकेट को मेरी शुभकामनाएं।' 

एशिया कप में श्रीलंका और भारत से हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष जका अशरफ ने यह समीक्षा बैठक बुलाई थी। हफीज के अलावा कप्तान बाबर आजम, मुख्य कोच ग्रांट ब्रैडबर्न, मुख्य परिचालन अधिकारी सलमान नासिर, पीसीबी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के प्रमुख उस्मान वहला और पूर्व कप्तान मिस्बाह उल हक ने भी बैठक में भाग लिया। बैठक में टीम निदेशक मिकी आर्थर और टीम के गेंदबाजी, बल्लेबाजी और क्षेत्ररक्षण कोच के साथ उप कप्तान शादाब खान भी उपस्थित थे। मुख्य चयनकर्ता इंजमाम उल हक ने समीक्षा बैठक में हिस्सा नहीं लिया। 

उनके करीबी सूत्रों के अनुसार इस पूर्व कप्तान का मानना था कि समीक्षा बैठक बुलाने के लिए यह सही समय नहीं है। सूत्रों ने कहा, ‘इंजमाम दृढ़ इरादों वाले व्यक्ति हैं और वह अध्यक्ष जका अशरफ के समीक्षा बैठक बुलाने के फैसले से सहमत नहीं थे। उनका मानना था कि इस बैठक में बाबर और ब्रैडबर्न को मिस्बाह, हफीज और बोर्ड के अन्य अधिकारियों के असहज करने वाले सवालों का सामना करना पड़ सकता है जो कि विश्व कप से पूर्व सही नहीं होगा।'  

 

#वनडे विश्व कप

Source : Agency

पाठको की राय