Wednesday, October 21st, 2026

लोकायुक्त में रिश्वत लेते पकड़ाये पटवारी कौशल किशोर को दे दिया छीतापार हल्का का प्रभार

छीतापार के ग्रामीणों ने एसडीएम कुरई को तत्काल हल्के से हटाने सौंपा ज्ञापन

सिवनी
सीएम शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने की कवायद की है। सीएम द्वारा लगातार भ्रष्ट अधिकारी और कर्मचारी पर कार्यवाही के लिये निर्देश दिए जा रहे हैं। परंतु सीएम द्वारा दिए जा रहे निर्देशो का पालन सिवनी जिले में नही हो रहा है। गौरतलब है,कि सिवनी जिले के धनौरा तहसील के देवरीटीका में पदस्थ हल्का पटवारी कौशल किशोर राजपूत को विशेष स्थापना दल लोकायुक्त जबलपुर ने 11 मार्च 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथो गिरफ्तार किया था।जिसके बाद रिश्वतखोर पटवारी को धनौरा तहसील के देवरीटीका से हटाकर कुरई तहसील में अटैच किया गया था।

बीते दिवस कुरई विकासखंड अंर्तगत आने वाली ग्राम पंचायत छीतापार के ग्रामीणों ने एसडीएम कुरई को ज्ञापन सौंपकर रिश्वतखोर पटवारी कौशल किशोर राजपूत को तत्काल पटवारी हल्का नंबर 27 से हटाने को लेकर एसडीएम कुरई को ज्ञापन सौंपा।अपनी शिकायत में नरेश कुमार चौरसिया,बसंत कुमार पटले (उपसरपंच),डीएल सिंह राहंगडाले,धरम सिंह मरकाम,ह्रदय सिंह करवेति,कुंजीलाल चौरसिया,उदयशंकर चौरसिया आदि ने बताया कि हल्का नंबर 27 का पटवारी कौशल किशोर राजपूत को प्रभार दिया है,जिसके ऊपर लोकायुक्त जबलपुर में रिश्वतखोरी का मामला विचाराधीन है ऐसे पटवारी के छीतापार हल्के में आने से उनके कार्य को लेकर आशंकाएं व्याप्त है एवं पंचायत की छवि भी खराब होने की संभावना से इंकार नही किया जा सकता। हम सभी ग्रामीणों की मांग है कि भ्रष्टाचार मामले में विचाराधीन पटवारी कौशल किशोर राजपूत की पदस्थापना हमारी पंचायत में न की जाये। छीतापार,खापा और सुखाडोंगरी के ग्रामीणों के अनुसार ग्राम पंचायत छीतापार में पदस्थ पटवारी पंकज सिंह चन्द्रवंशी की जगह कौशल किशोर राजपूत का प्रभार दिया गया है।बार-बार पटवारी बदलने से सभी लोग परेशान है। पटवारी पंकज सिंह चन्द्रवंशी का स्थानांतरण स्थगित करके स्थायी पटवारी के रूप में पदस्थ किये जाने की मांग ग्रामीणों ने की। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले 2 वर्षों से पंचायत में कोई स्थाई पटवारी नही है।

बार-बार पटवारी बदलने से हम ग्रामीण जन एवं कृषक परेशान हो रहे हैं एवं नए और स्थानांतरित किये गये पटवारी पंकज सिंह चन्द्रवंशी का स्थानांतरण स्थगित कर उन्हे पुनः हल्का 27 में पदस्थ किया जाये।गौरतलब है,कि पटवारी कौशल किशोर राजपूत को रिश्वत लेने के बाद पकड़े जाने के बाद गोंगपा ने भी उनकी भृष्ट कार्यप्रणाली को लेकर ज्ञापन सौंपा था,और उसे तत्काल धनौरा के देवरीटीका पटवारी हल्का से हटाकर निलंबित करने की मांग कर कोई भी हल्के का प्रभार न देने की मांग मुख्यमंत्री,राजस्व मंत्री, जिला कलेक्टर सहित अन्य अधिकारियों से की थी। ऐसे में एसडीएम कुरई द्वारा छीतापार हल्का नंबर 27 का प्रभार कौशल किशोर राजपूत को क्यो सौपा गया ये जांच का विषय है।

 

#Chitapar Halka

Source : Agency

पाठको की राय