Tuesday, October 20th, 2026

15 हजार रुपये की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार

सिवनी
 जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर धनौरा तहसील के देवरीटीका में पदस्थ हल्का पटवारी कौशल किशोर राजपूत को विशेष स्थापना दल लोकायुक्त जबलपुर ने 11 मार्च शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे धनौरा स्थित पटवारी कार्यालय में 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

डीएसपी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई: पैतृक जमीन का बंटवारा करवाने के एवज ने पटवारी ने 30 हजार रुपयों की मांग की थी। इसकी शिकायत तहसील केवलारी अंतर्गत केवलारी गांव निवासी पीड़ित शेख पीर पुत्र शेख हाफिज कुरैशी ने जबलपुर लोकायुक्त में की थी।शिकायत के तथ्यों को परखने के बाद शुक्रवार को जाल बिछाकर रिश्वत के 15000 रुपये लेकर धनौरा स्थित हल्का पटवारी कार्यालय में देवरीटीका में पदस्थ पटवारी कौशल किशोर राजपूत के पास भेजा गया है। रिश्वत के रुपये लेते ही पीछे से मौके पर पहुंची लोकायुक्त जबलपुर के दल ने पटवारी को गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी जेपी वर्मा के नेतृत्व में आठ सदस्यीय लोकायुक्त दल ने कार्रवाई को अंजाम दिया, जिसमें निरीक्षक रंजीत सिंह राजपूत सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।


एक साल से लंबित प्रकरण, मांगे 30 हजार : डीएसपी जेपी वर्मा ने नईदुनिया को बताया कि बड़े भाई की मृत्यु होने पर प्रार्थी शेख पीर कुरैशी ने पैतृक जमीन का बंटवारा करने जुलाई 2021 में आवेदन दिया था। जमीन का बंटवारा करने के लिए पटवारी ने प्रार्थी से 30 हजार रुपये मांगे थे। प्रार्थी ने आर्थिक स्थिति कमजोर होने का हवाला दिया था, जिसके बाद दोनों के बीच 15 हजार रुपये में सौदा तय हो गया था। इस मामले की शिकायत 7 फरवरी 2022 को प्रार्थी ने जबलपुर लोकायुक्त में दर्ज कराई थी। जांच में शिकायत की पुष्टि होने पर पटवारी को पकड़ने जाल बिछाया गया।

 

#रिश्वत लेते पटवारी

Source : Agency

पाठको की राय