यात्रियों को मिलेगी सुविधा: जल्द रात के दो बजे तक सड़कों पर दौड़ेंगी सिटी बसें
पटना
आने वाले दिनों में राज्य के बड़े शहरों में देर रात तक सिटी सर्विस की बसों का परिचालन होगा। एक से दूसरी जगह तक आने-जाने के लिए बस सेवा अगले माह से शुरू होने की उम्मीद है। परिवहन विभाग के निर्देश पर इस संबंध में तैयारी शुरू कर दी गयी है।
अधिकारियों के अनुसार इस सेवा को शुरू करने के लिए अध्ययन किया जा रहा है। देखा जा रहा है कि देर रात यात्रियों की भीड़ किन सड़कों पर अधिक है। सर्वे के बाद विभाग की ओर से एक प्रस्ताव तैयार होगा कि किन रूटों पर यात्रियों की भीड़ देर रात तक रहती है। प्रस्ताव को रीजनल कमेटी की बैठक के बाद परिवहन विभाग को भेजा जाएगा। इसकी समीक्षा होने के बाद विभाग देर रात यानी कम से कम दो बजे तक बसों का परिचालन करने की अनुमति देगा। इससे देर रात सवारी गाड़ी की खोज में भटकने वाले यात्री आराम से सिटी बसों से सुरक्षित सफर कर सकेंगे।
अभी साढ़े दस बजे तक होता है परिचालन
परिवहन विभाग के दिशा-निर्देश पर अभी सिटी बसों का परिचालन रात दस से साढ़े दस बजे तक होता है। लेकिन, इसके बाद बसों का परिचालन बंद होने से यात्रियों को परेशानी होती है। मजबूरी में उन्हें ऑटो या अन्य वाहन कई गुना अधिक किराए पर रिजर्व कर जाना पड़ता है।

पाठको की राय