Wednesday, October 21st, 2026

फलीस्तीनी सुरक्षा अधिकारियों का दावा- इस्राइल ने गाजा में किया हवाई हमला

इस्राइल
इस्राइल में नई सरकार के सत्ता में आते ही युद्ध का नया दौर शुरू होता दिख रहा है। एएफपी ने फलीस्तीनी सुरक्षा सूत्रों के हवाले से कहा है कि इस्राइल ने गाजा में हवाई हमला किया है। दो दिन पहले ही इस्राइल में नेफ्टाली बेनेट के नेतृत्व में गठबंधन सरकार का गठन हुआ है।

 एएफपी ने सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया कि बुधवार सुबह फलीस्तीन की तरफ से आतंकियों ने दक्षिण इस्राइल की तरफ भड़काऊ बैलून भेजे जिसके बाद इस्राइल ने हवाई हमला किया।  

सैकड़ों की संख्या में इजराइल के धुर राष्ट्रवादियों ने ताकत का प्रदर्शन करने के लिए मंगलवार को पूर्वी यरूशलम में परेड की। इस घटनाक्रम के कारण गाजा पट्टी में हमास आतंकवादियों के साथ युद्ध के महज कुछ ही सप्ताह बाद नये सिरे से हिंसा भड़कने का खतरा पैदा हो गया।

वहीं, गाजा में फलस्तीनियों ने गुब्बारे छोड़ कर इसका जवाब दिया। उनकी इस गतिविधि से दक्षिणी इजराइल में कम से कम 10 स्थानों पर आग लग गई। मार्च इस्राइल की नई सरकार के लिए और इस्राइल और हमास के बीच 11 दिनों के युद्ध को खत्म करने वाली पिछले महीने की संधि के लिए एक परीक्षा साबित होगी।

फलस्तीनी इस मार्च को उकसावे वाली हरकत मान रहे हैं। हमास ने फलस्तीनियों से इस मार्च का प्रतिरोध करने की अपील की है। संगीत की धुन के साथ सैकड़ों की संख्या में यहूदी राष्ट्रवादी दमिश्क गेट के सामने बढ़ने से पहले सैकड़ों मीटर तक एकत्र हुए। उनमे से कई के हाथों में इजराइली झंडे थे और वे नाच रहे थे तथा धार्मिक गीत गा रहे थे। हालांकि, इस बार की भीड़ पिछले महीने की परेड की तुलना में काफी कम नजर आई।

मार्च से पहले इजराइली पुलिस ने दमिश्क गेट के सामने के इलाके को खाली कराया, यातायात बंद कर दिया, दुकानों को बंद करने का आदेश दिया और युवा फलस्तीनी प्रदर्शनकारियों को वहां से भगा दिया। वहीं, फलस्तीनियों ने कहा कि छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है और पुलिस के साथ झड़पों में पांच लोग घायल हो गए।

इस परेड ने इस्राइल के नये प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट के लिए एक शुरुआती चुनौती पेश कर दी है। बेनेट एक कट्टरपंथी इजराइली राष्ट्रवादी हैं।

इस्राइल गठबंधन में शामिल होने वाले अरब गुट के पहले राजनीतिक दल राम पार्टी के नेता मंसूर अब्बास ने कहा कि मार्च राजनीतिक लक्ष्यों के लिए क्षेत्र में आग लगाने की कोशिश है।

 

#फलीस्तीनी

Source : Agency

पाठको की राय