Wednesday, October 21st, 2026

बांग्लादेश टी20 सीरीज बीच में छोड़ दुबई रवाना हुए पाकिस्तान के सीनियर ऑलराउंडर शोएब

ढाका
पाकिस्तान के सीनियर ऑलराउंडर शोएब मलिक और भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा के बेटे इजहान की तबीयत खराब हो गई है। यही वजह है कि शोएब को बांग्लादेश के खिलाफ टी20 इंटरनैशनल सीरीज बीच में छोड़नी पड़ी। सीरीज का तीसरा मैच आज खेला जाना है, लेकिन मलिक इसका हिस्सा नहीं होंगे। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने इसकी जानकारी दी है। मलिक और सानिया का बेटा इजहान तीन साल का है। पीसीबी से जारी बयान के मुताबिक, 'शोएब मलिक अपने बच्चे की बीमारी के कारण सोमवार को बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे और अंतिम टी20 मैच में नहीं खेल पाएंगे और वह मैच से पहले दुबई के लिए रवाना हो जाएंगे।' हाल ही में युनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) में खत्म हुए टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचने वाला पाकिस्तान तीन मैचों की इस टी20 इंटरनैशनल सीरीज में 2-0 से आगे है। पीसीबी ने इसके साथ ही कहा कि टेस्ट टीम के सदस्य इस मैच के बाद चटगांव रवाना होंगे, जबकि टी20 इंटरनैशनल टीम के सदस्य मंगलवार को दुबई के रास्ते पाकिस्तान लौटेंगे। पाकिस्तान और बांग्लादेश वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के तहत दो मैच खेलेंगे। इस सीरीज का पहला टेस्ट चटगांव (शुक्रवार से) जबकि दूसरा टेस्ट ढाका (4-8 दिसंबर) में खेला जायेगा।
 

 

#Shoaib

Source : Agency

पाठको की राय