Friday, October 23rd, 2026

नेशनल असेंबली में टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की हार पर हुई चर्चा, बाबर आजम को दे डाली सलाह

नई दिल्ली
टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की खराब प्रदर्शन पर अब वहां के संसद भवन में भी चर्चा होने लगी है। पाकिस्तान की नेशनल असेंबली के सदस्य अब्दुल कादिर पटेल ने इसको लेकर सवाल उठा दिया। इसके साथ ही उन्होंने बाबर आजम को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की। इतना ही नहीं, पटेल ने बाबर को यह भी सुझाव दे डाला कि वह पूर्व कप्तान इमरान खान से सीख लें और लोगों से कह दें कि उनके खिलाफ साजिश हुई है। गौरतलब है कि पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप में ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी। पाकिस्तान की टीम को पहले अमेरिका और फिर भारत से हार का सामना करना पड़ा था। इसको लेकर पाकिस्तान टीम और खासतौर पर कप्तान बाबर आजम की चारों तरफ आलोचना हो रही है।

बाबर आजम को दे डाली सलाह
पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में बोलते हुए अब्दुल कादिर पटेल ने कहा कि ये क्रिकेट टीम को क्या हुआ है। ये अमेरिका से भी हार गए और ये इंडिया से भी हार गए। इसके आगे पटेल ने कहा कि बाबर आजम को अपने ही किसी सीनियर क्रिकेटर से सबक लेना चाहिए। उन्हें हारने के बाद एक जलसा रखना चाहिए। वहां पर कागज लहराना चाहिए और बोलना चाहिए कि देखो ये मेरे खिलाफ साजिश हो रही है। कोई उससे कुछ नहीं पूछेगा। उसके बाद वो बाद ही खत्म हो जाएगी। बता दें कि साल 2022 में इमरान खान ने रैली के दौरान एक डॉक्यूमेंट लहराया था। तब उन्होंने कहा था कि यह सबूत है कि उनके खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर साजिश हुई थी।

गैरी किर्सटेन भी दिखे नाराज
गौरतलब है कि पाकिस्तान 2009 में टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन रह चुकी है। इसके अलावा साल 2007 और 2022 में यह फाइनलिस्ट रही थी। लेकिन इस टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान आगे बढ़ने में नाकाम रही। टीम की तमाम कमजोरियां उभरकर सामने आईं। यहां तक कि नए-नवेले कोच गैरी किर्सटेन ने कह डाला कि पाकिस्तानी टीम में एकता में कमी है। साथ ही उन्होंने इस बात पर भी हैरानी जताई कि टीम में खिलाड़ी एक-दूसरे से बात नहीं कर रहे हैं। इसके बाद मीडिया के साथ-साथ आम लोगों के बीच भी पाकिस्तानी टीम की जमकर आलोचना हुई। इसका सिलसिला अभी भी जारी है।

 

 

#T20 World Cup

Source : Agency

पाठको की राय