Wednesday, October 21st, 2026

डेविड वॉर्नर को पाकिस्तानी कप्तान शान मसूद ने हस्ताक्षरित जर्सी भेंट की

सिडनी.
पाकिस्तान के कप्तान शान मसूद ने शनिवार को मैच के बाद सेवानिवृत्त सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर को विदाई उपहार के रूप में बल्लेबाज बाबर आजम की जर्सी भेंट की। जर्सी पर पाकिस्तान के सभी खिलाड़ियों के हस्ताक्षर थे। मसूद ने वॉर्नर को मंच पर बुलाया और उन्हें पूरी पाकिस्तानी टीम के हस्ताक्षर वाली जर्सी भेंट की। पाकिस्तान के कप्तान ने वॉर्नर को खेल में उनके प्रयासों के लिए बधाई दी और भविष्य में उनके अच्छे प्रदर्शन की कामना की।

ऑस्ट्रेलिया के स्टार ओपनर वॉर्नर का शानदार टेस्ट करियर शनिवार को उनके घरेलू स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ आठ विकेट की जीत के साथ समाप्त हुआ। ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की सीरीज 3-0 अपने नाम की। मसूद ने मैच के बाद कहा, मैं डेविड वॉर्नर की सराहना करना चाहता हूं और कुछ उपहार देना चाहता हूं। आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। हमने एक टीम के रूप में आपको सभी खिलाड़ियों के हस्ताक्षर वाली बाबर आजम की शर्ट देने के बारे में सोचा है।

वॉर्नर ने अपने टेस्ट करियर में कुल 112 मैच खेले हैं, इस दौरान उन्होंने 44.60 की औसत से 8,786 रन बनाए, जिसमें 26 शतक और 37 अर्धशतक शामिल हैं। वॉर्नर ने टेस्ट के अलावा वनडे क्रिकेट से भी संन्यास ले लिया है और अब वह टी20 क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित करेंगे।

 

 

#Pakistani captain Shan Masood

Source : Agency

पाठको की राय