Wednesday, October 21st, 2026

पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी अपने ही देश में घिरे 

 इस्लामाबाद  
जम्मू-कश्मीर का राग गाने वाले पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी अपने एक बयान पर बुरी तरह घिर गए हैं। दरअसल, कुछ दिन पहले एक पाकिस्तानी चैनल को दिए इंटरव्यू में कुरैशी ने अनुच्छेद 370 को भारत का आंतरिक मामला बता दिया था। उनके इस बयान के बाद से ही पाकिस्तान में विपक्षी पार्टियां उनकी खूब आलोचना कर रही है। नौबत यहां तक आ गई कि कुरैशी को अब सफाई देनी पड़ गई है। सोमवार को कुरैशी ने ट्वीट किया कि जम्मू-कश्मीर कभी भी भारत का आंतरिक मामला हो ही नहीं सकता है। 
 
सोशल मीडिया पर कुरैशी का जो वीडियो शेयर किया जा रहा है उसमें वह कह रहे हैं कि अनुच्‍छेद 370 के हटने से कोई परेशानी नहीं है। 370 पाकिस्तान के लिए अहमियत नहीं रखता। उन्होंने कहा कि यह भारत का अंदरूनी मामला है। हालांकि, कुरैशी ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि पाकिस्‍तान को 35A हटाने पर पर आपत्ति है, क्योंकि उससे इंडिया डेमोग्राफी में बदलाव कर सकता है।  
कुरैशी ने ट्वीट किया, 'मैं साफ कर दूं कि जम्मू और कश्मीर को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के एजेंडे में अंतरराष्ट्रीय विवाद माना गया है। इसका समाधान तभी निकल सकता है जब संयुक्त राष्ट्र की निगरानी में जनमतसंग्रह कराया जाए। जम्मू-कश्मीर से जुड़ा कोई भी मसला भारत का अंदरूनी मामला नहीं हो सकता है।'

 

 

#शाह महमूद कुरैशी

Source : Agency

पाठको की राय