Tuesday, October 20th, 2026

पाक विजय दिवस: भोपाल में जज्बाती माहौल, कैप्टन वरुण का अंतिम संस्कार कल

भोपाल
तमिलनाडू के कुन्नूर में आठ दिसंबर को सीडीएस जनरल रावत के साथ हेलीकॉप्टर हादसे में घायल ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का बुधवार को निधन हो गया। उनकी पार्थिव देह को आज भोपाल लाया जा रहा है। कैप्टन वरुण सिंह के पार्थिव शरीर को भोपाल के मनुआभान टेकरी पर इनरकोर्ट अपार्टमेंट स्थिति उनके घर दोपहर बाद लाया जाएगा। कैप्टन के निधन की सूचना मिलते ही कॉलोनी में मायूसी छा गई। सोसायटी के पूर्व अध्यक्ष अनिल बूलचंदानी ने बताया कि निधन की सूचना मिलने के बाद बुधवार शाम 5 बजे कॉलोनी के सभी रहवासियों ने कैप्टन के घर के सामने श्रद्धांजलि दी।

आज सुबह से कॉलोनी के सभी रहवासी पार्थिव शरीर के आने का नम आंखों से इंतजार कर रहे हैं।  कॉलोनी के भीतर वाले छोटे मैदान में श्रद्धांजलि देने के लिए टेंट लगाया गया है। ताकि पार्थिव शरीर के लोग अंतिम दर्शन कर सकें और श्रद्धांजलि दे सकें। कैप्टन वरुण का अंतिम संस्कार कल बैरागढ़ स्थित विश्राम घाट पर किया जाएगा। अंतिम संस्कार के लिए 6 किमी का ये रूट रहेगा। सन सिटी कॉलोनी, लालघाटी चौराहा, बैरागढ़ होते हुए बैरागढ़ विश्राम घाट अंतिम यात्रा पहुंचेगी। अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उनके गृह जिले देवरिया (उत्तर प्रदेश) से भी परिवार के लोग भोपाल आ रहे हैं।  ग्रुप कैप्टन की ससुराल इंदौर में है।  

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कैप्टन वरुण सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि उनके पिता से बात हुई है। उनका राजकीय और सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिजनों को एक करोड़ रुपए की सम्मान निधि सौंपी जाएगी और उनकी प्रतिमा लगवाने, संस्था का नाम उनके नाम पर करने और नौकरी दिए जाने को लेकर परिवार के सदस्यों के साथ चर्चा के बाद निर्णय लिया जाएगा।

प्रशासन का प्लान वरुण का अंतिम संस्कार भदभदा विश्राम घाट पर कराने का था। लेकिन वरुण के पिता के कहने पर अंतिम संस्कार अब बैरागढ़ में शुक्रवार सुबह 11 बजे होगा। दरअसल, पिता ने कलेक्टर को बताया कि अंतिम यात्रा भदभदा ले जाएंगे तो शहर का ट्रैफिक जाम होगा। वह नहीं चाहते के लोग मेरे बेटे की वजह से परेशान हों।

 

 

#Pak Vijay Diwas

Source : Agency

पाठको की राय