Wednesday, October 21st, 2026

ऑक्सीजन की किल्लत पाकिस्तान में भी बढ़ी 

 इस्लामाबाद 
भारत को मदद की पेशकश करने वाला पाकिस्तान भी खुद ऑक्सीजन की कमी से जूझ रहा है। स्थिति यह है कि इस्लामाबाद के सरकारी अस्पतालों में पहले से तय की गई सर्जरी भी टाली जा रही हैं ताकि कोरोना वायरस के मरीजों को ऑक्सीजन की निर्बाध सप्लाई जारी रह सके।

पाकिस्तान के खबर के मुताबिक, देश में कोरोना मरीजों के लिए ऑक्सीजन सप्लाई को लेकर किसी भी अनचाही स्थिति से बचने के लिए सीडीए अस्पताल,  नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ रिहैबिलिटेशन मेडिसिन, गवर्नमेंट सर्विस हॉस्पिटल, पाकिस्तान इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज और पॉलीक्लिनिक में पहले से निर्धारित की गई सर्जरी अभी टाल दी गई हैं। अगले आदेश तक इन सर्जरी पर रोक जारी रहेगी।

पाकिस्तान के सिंध प्रांत में भी कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों की वजह से कुछ वैकल्पिक सर्जरी को रोक दिया गया है। ट्विटर के जरिए सिंध सरकार के प्रवक्ता मुर्तजा वहाब ने यह घोषणा की है कि यह फैसला एहितायतन लिया गया है। सिंध प्रांत के सरकारी ही नहीं बल्कि निजी अस्पतालों में भी वैकल्पिक सर्जरी नहीं होंगी। इसके अलावा पाकिस्तान सूचना प्रसारण मंत्री फवाद चौधरी ने मंगलवार को यह कहा है कि अगर कोरोना वायरस की वजह से स्थिति खराब हुई तो उनका देश ईरान और चीन से ऑक्सीजन आयात करेगा।

 

#पाकिस्तान

Source : Agency

पाठको की राय