Wednesday, October 21st, 2026

ओवैसी पुन: भाजपा की मदद को पहुंचे गुजरात, सबक सिखाऐं गुजरात : रिजवी

रायपुर

मध्यप्रदेश पाठ्यपुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष तथा वरिष्ठ अधिवक्ता इकबाल अहमद रिजवी ने गुजरात विधानसभा चुनाव में ए.आई.एम.आई.एम. के असदुद्दीन ओवैसी की पोल खोलते हुए कहा है कि पिछले सभी प्रदेशों के चुनाव में जनता द्वारा नकार दिए जाने के बाद भी गुजरात चुनाव में सेकुलर दलों के समीकरण बिगाड?े तथा भाजपा को हमेशा की तरह लाभ पहुंचाने गुजरात चुनाव में आ बैल मुझे मार के मुहावरे के तहत प्रत्यक्ष आकर अपने प्रत्याशियों की जमानत जब्त कराने तथा ए.आई.एम.आई.एम. के शर्मनाक पराजय के इतिहास को दोहराने वाले हैं।

रिजवी ने गुजरात के जागरूक मतदाताओं से अपील की है कि इस बार ऐसा सबक सिखाएं कि उनकी असलियत जगजाहिर हो जाए तथा वह देश की जनता को मुंह दिखाने के लायक न रहे। ओवैसी से गुजारिश है कि वह अपनी पार्टी को चुनाव लड़ाना छोड़ कर कौम की तरक्की की सोचे। बेरोजगार मुसलमान युवाओं को नौकरी दिलाने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से बात करें। जिस तरह का अप्रत्यक्ष सहयोग ओवैसी जी भाजपा को देते आ रहे हैं तो भाजपा का भी फर्ज बनता है कि ओवैसी की भी कुछ तो प्रत्यक्ष मदद करें।

रिजवी ने कहा है कि ओवैसी देशवासियों खासकर मुस्लिम व दलित वर्ग के लोगों को गुमराह करना छोड़े तथा समाज के लोगों के दु:ख दर्द बांटने की मुहिम चलाए तथा अपने ऊपर लग रहे भाजपा की बी टीम के आरोप की बदनामी से बचे। सभी प्रदेशों में अपने प्रत्याशियों की जमानत जब्त करवाना आवैसी जैसे कानूनदां बैरिस्टर को शोभा नहीं देता है।   

 

Source : Agency

पाठको की राय