Sunday, October 25th, 2026

तीसरी लहर के कारणों को समाप्त करना है हमारा लक्ष्य-मुख्यमंत्री

कोने-कोने में टेस्टिंग और ट्रेसिंग से तत्काल होगी संक्रमण की पहचान
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि आज प्रदेश में कोरोना के केवल 46 प्रकरण रिपोर्ट हुए हैं। कुल 204 व्यक्ति डिस्चार्ज हुए। वर्तमान में प्रदेश में 927 एक्टिव केस बचे हैं। यह स्पष्ट संकेत है कि कोरोना अब नियंत्रण में है। मध्यप्रदेश देश में 31 वें नम्बर पर है। सात दिन की पॉजिटिविटी 0.1प्रतिशत है। इस स्थिति के बाद भी प्रदेश में टेस्ट कम नहीं होने दिये जायेंगे। प्रतिदिन 80 हजार टेस्ट आवश्यक रूप से किये जायें।  मुख्यमंत्री कोरोना संक्रमण नियंत्रण की समीक्षा बैठक को निवास से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग भी बैठक में उपस्थित थे। बैठक में समस्त कोविड प्रभारी मंत्री, तथा अधिकारी वर्चुअली सम्मिलित हुए।

रविवार का कोरोना कर्फ्यू तत्काल प्रभाव से खत्म
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने आज कोरोना संक्रमण की समीक्षा बैठक ली, इस समीक्षा बैठक में  शिवराज सिंह ने निर्देश ​दिया है कि रविवार का कोरोना कर्फ्यू तत्काल प्रभाव से खत्म कर दिया जाए। वहीं रात्रि में कोरोना कर्फ्यू जारी रहेगा। बता दें कि अभी तक प्रदेश में वीकेंड में लॉकडाउन रहता था, जिसे अब खत्म कर दिया गया है। यानि कल से लॉकडाउन नहीं होगा, व्यापारी अन्य दिनों के हिसाब से दुकाने खोल सकेंगे।

लगातार सतर्क रहने की जरूरत
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि तीसरी लहर की संभावना खत्म नहीं हुई है। अत: लगातार सतर्क रहने के लिए अधिक से अधिक टेस्ट आवश्यक हैं। प्रदेश के कोने-कोने में टेस्टिंग और ट्रेसिंग से तत्काल संक्रमण की पहचान और उस पर नियंत्रण संभव होगा। हमारा प्रयास यह हो कि हम संक्रमण के प्रत्येक प्रकरण के कारणों की पहचान करें इससे सही सावधानी बरती जा सकेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में तीसरी लहर के कारणों को समाप्त करना हमारा लक्ष्य होगा।

इलाज में परिवारों को राहत देना जरूरी
 चौहान ने कहा कि न्यूकमाइक्रोसेस का इलाज बहुत महंगा है। गरीब तथा मध्यम वर्गीय परिवारों को  इलाज के आर्थिक बोझ से बचाना जरूरी है। अत: शासकीय स्वास्थ संस्थाओं में न्यूकरमाइक्रोसेस के इलाज की श्रेष्ठ व्यवस्था की जाये। समीक्षा में बताया गया कि वर्तमान में न्यूकरमाइक्रोसेस के 532 मरीज मेडिकल कॉलेजों में और 200 मरीज निजी अस्पतालों में उपचाररत हैं।

30 प्रतिशत को लग चुकी है टीके की पहली डोज
 चौहान ने कहा कि यह शुभ संकेत है कि प्रदेश में टीकाकरण को लेकर भय और भ्रम दूर हुआ है। लोग स्वयं टीकाकरण के लिए आगे आ रहे हैं। प्रदेश में 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी व्यक्तियों का जल्द से जल्द टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करने होंगे। समीक्षा में जानकारी दी गई कि 18 वर्ष से अधिक आयु की 30 प्रतिशत पात्र जनसंख्या को टीके की पहली डोज लग चुकी है।चौहान ने पन्ना,दमोह,झाबुआ, मंडला, सीधी, बड़वानी, छिंदवाड़ा, सतना,भिंड,टीकमगढ़,खरगौन, अलीराजपुर, अनुपपुर, छतरपुर, मुरैना और आगर जिलों में टीकाकरण को गति देने के निर्देश दिये और इंदौर,बड़वानी,बैतूल, हरदा, सिंगरौली, छिंदवाड़ा,ग्वालियर, रतलाम और रीवां में आये नए कोरोना प्रकरणों की बिंदुवार जानकारी ली।

 

 

#मुख्यमंत्री

Source : Agency

पाठको की राय