Tuesday, October 20th, 2026

ओस्ट्रावा ओपन : सानिया मिर्जा ने जीता साल का पहला खिताब

ओस्ट्रावा
भारत की अनुभवी महिला टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा ने रविवार को साल (2021 सीजन) का पहला खिताब अपने नाम किया। उन्होंने ओस्ट्रावा ओपन के फाइनल में अपनी जोड़ीदार चीन की शुआई झांग के साथ मिलकर अमेरिका की क्रिस्टियन और न्यूजीलैंड की रोटलिफ की तीसरी वरीय जोड़ी को हरा दिया। एक घंटे चार मिनट तक चले खिताबी मुकाबले में भारतीय-चीनी जोड़ी ने अमेरिकी-न्यूजीलैंड की जोड़ी पर 6-3, 6-2 से जीत दर्ज की।

बता दें कि शनिवार को सानिया और झांग ने सेमीफाइनल में माकोटो नोनोमिया और एरि होजुमी की जापान की चौथी वरीय जोड़ी को सीधे सेटों में 6-2 7-5 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। सानिया सीजन में दूसरी बार फाइनल में खेल रही थीं। इससे पहले उन्होंने पिछले महीने अमेरिका में क्रिस्टिना मशाले के साथ मिलकर डब्ल्यूटीए 250 क्लीवलैंड टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई थी जहां इस जोड़ी को शिकस्त का सामना करना पड़ा था।

बता दें कि सानिया करियर में कुल छह ग्रैंड स्लैम जीत चुकी हैं। सानिया ने महिला डबल्स में 2016 में ऑस्ट्रेलियन ओपन, 2015 में विम्बलडन और यूएस ओपन का खिताब जीता था। वहीं, मिक्स्ड डबल्स में वे 2009 में ऑस्ट्रेलियन ओपन, 2012 में फ्रेंच ओपन और 2014 में यूएस ओपन जीत चुकी हैं।

 

#Ostrava Open

Source : Agency

पाठको की राय