Friday, October 23rd, 2026

सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में बढ़ोत्तरी का आदेश जारी

रायपुर
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर वित्त विभाग द्वारा आज यहां मंत्रालय (महानदी भवन) से राज्य के शासकीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में बढ़ोत्तरी का आदेश जारी कर दिया गया है। राज्य के कर्मचारियों को 1 जुलाई 2021 से सातवें वेतनमान में 5 प्रतिशत तथा छठवें वेतनमान में 10 प्रतिशत अतिरिक्त मंहगाई भत्ता दिया जाएगा। अब राज्य सरकार के कर्मचारियों को सातवें वेतनमान में 17 प्रतिशत और छठवें वेतनमान में 164 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिलेगा। बढ़े हुए महंगाई भत्ते की राशि का एक जुलाई 2021 से नगद भुगतान किया जाएगा।

वर्तमान में राज्य सरकार के शासकीय कर्मचारियों को माह जनवरी 2019 से सातवें वेतनमान में 12 प्रतिशत की दर से तथा छठवें वेतनमान में 154 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता दिया जा रहा है।  उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 4 सितम्बर को राज्य के शासकीय सेवकों को 12 प्रतिशत की दर से प्रदान किए जा रहे महंगाई भत्ता को 01 जुलाई 2021 से 5 प्रतिशत बढ़ाकर 17 प्रतिशत करने की घोषणा की थी।

 

#government employees

Source : Agency

पाठको की राय