विपक्षी हंगामे ने संसद में बताने नहीं दिया इसलिए हम जनता का आशीर्वाद लेने निकले : मंत्री वीरेंद्र खटीक
जबलपुर
आर्शीवाद यात्रा लेकर जबलपुर आए केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र खटीक ने कहा की मानसून सत्र में विपक्ष ने संसद में जो हंगामा किया वह अपने 25 साल के संसदीय जीवन में मैने नहीं देखा। विपक्ष ने संसद में कुछ बताने नहीं दिया इसलिए हम जनता के बीच जाकर आशीर्वाद लेने निकले हैं। प्रेस कांफ्रेंस में उनसे पूछा गया था कि भाजपा क्यों आशीर्वाद यात्रा निकाल रही है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि संसद में गरिमा और मर्यादा को तार-तार कर हुए इस हंगामे की भेंट वह परम्परागत कार्यक्रम भी चढ़ गया जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नए मंत्रीमंडल का परिचय लोकसभा और राज्यसभा में कराते। साथ ही देश के लिए अहम मुद्दों और सरकार के कामकाज की चर्चा भी विपक्ष ने होने नहीं दी। इसलिए आज जन आर्शीवाद यात्रा लेकर हम जनता जनार्दन के बीच आए हैं। वीरेंद्र खटीक ने कहा कि यदि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली भाजपा सरकार के उल्लेखनीय काम गिनाऊं तो चर्चा लम्बी हो जाएगी। चाहे आवास मिशन हो या आयुष्मान कार्ड अथवा उज्जवला योजना सभी से जनता प्रसन्न है और आर्शीवाद दे रही है तथा प्रधानमंत्री के प्रति भरोसा बढ़ा है।
कोविड-19 के पीरियड-वैक्सीनेशन में भी भाजपा पदाधिकारी-जनप्रतिनिधि-कार्यकर्ता सेवा में जुटे हैं और विपक्ष केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति में। भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता का उदाहरण त्रिपुरा राज्य है जहां हम पार्षद नहीं जीतते थे वहां आज हमारी सरकार है। वर्तमान में मैं स्वयं सात लोकसभा क्षेत्र से गुजर कर आया हूं सभी जगह भाजपा की लोकप्रियता दिखी। आज भारत आत्मनिर्भर बनता जा रहा है इसीलिए रेलवे हो, रोजगार हो, ऊर्जा हो, देश की रक्षा-सुरक्षा का मामला हो प्रत्येक क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भर हो गया है। पैगासस जासूसी कांड पर वीरेंद्र खटीक ने विपक्ष को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि ये उस पर चर्चा चाहते ही नहीं थे वरना हंगामा नहीं करते। चर्चा होती तो सारे बिंदुओं पर बात हो जाती उसमें कमेटी बना कर जांच की मांग भी अपने-आप शामिल होती। वार्ता में सांसद राकेश सिंह, विधायक सुशील तिवारी इंदु आदि भी उपस्थित रहे।

पाठको की राय