ऑपरेशन शुद्धि से जुआरियों की शामत, 7 दिन में 70 आरोपी सलाखों के पीछे
भोपाल
बैतूल जिले में इन दिनों एसपी सिमाला प्रसाद के कारण जुआरियों और सटोरियों की शामत आई हुई है। इन पर लगाम लगाने के लिए एसपी ने आॅपरेशन शुद्धि शुरू किया है। यह ऑपरेशन इस साल 8 जनवरी से शुरू किया गया है। महज सात दिनों में 70 आरोपियों को पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचाया है।
जिले में सट्टे और जुएं के खिलाफ यह ऑपरेशन चलाया जा रहा है। दरअसल एसपी को यह पता चला कि जिले में कई जगह पर जुआ और सट्टा खेलने वालों के घर बर्बाद हो रहे हैं। इस पर एसपी ने इस पर रोक लगाने के लिए जिला पुलिस के इंटेलीजेंस के साथ ही आम लोगों की मदद लेने का प्लान तैयार किया। जिसके तहत आॅपरेशन शुद्धि चलाया गया। इसमें एक व्हाट्सएप नंबर भी जारी किया गया है। इस नंबर पर कोई व्यक्ति यदि सूचना देना है तो उसका नाम गुप्त रखने का वादा भी पुलिस कर रही है। इसके चलते अब पुलिस को जुआ सट्टे के जरिए पैसों पर दांव लगाने वालों की जानकारी पुलिस को मिल रही है।
लोग इस नंबर पर पुलिस को सूचना दे रहे हैं। यह सूचना जैसे ही मिलती हैं, इन नंबर पर सक्रिय रहने वाली टीम तत्काल एसपी सिमाला प्रसाद को इसकी जानकारी देती है। एसपी स्वयं इस संबंध में थाना प्रभारी को निर्देश देकर वहां पर सर्च करवाती है। साथ ही तत्काल इसकी डिटेल भी संबंधित थाने को एसपी को देना होती है। इसके चलते 8 से 14 जनवरी तक जुआं-सट्टे से जुड़े 71 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जुएं के 10 प्रकरण दर्ज हुए और सट्टे के 35 प्रकरण दर्ज हो चुके हैं।
जुआं और सट्टे के खिलाफ जंग
ऑपरेशन शुद्धि जुआं और सट्टे के खिलाफ है। इसमें जो भी व्यक्ति सूचना देता है उसका नाम और पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखा जाता है। लोगों का विश्वास बढ़ते ही इस अभियान में ओर तेजी आएगी।
सिमाला प्रसाद, एसपी बैतूल

पाठको की राय