Sunday, October 25th, 2026

घाटी में आपरेशन आलआउट सुरक्षा बलों ने 100 आतंकियों का किया सफाया

जम्मू
जम्मू कश्मीर में आए दिन आतंकवादियों व सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ की खबरें आती रहती हैं। अधिकारियों ने बताया कि काउंटर इंसर्जेंसी आपरेशन के तहत सुरक्षा बलों ने अब तक 100 आतंकवादियों को मौत के घाट उतार दिया है। इस साल की शुरूआत से लेकर अब तक लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े 63 आतंकियों को मारा गया है, जबकि 29 विदेशी आतंकियों को भी मार गिराया गया है।

सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि पिछले साल की तुलना में इस वर्ष मारे गए आतंकवादियों की संख्या दोगुनी है। अधिकारियों ने बताया कि पिछले साल के पहले 5 महीने और 12 दिनों में सुरक्षाबलों ने करीब 50 आतंकवादियों का सफाया किया था। जबकि इस वर्ष अब लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े 63 आतंकियों को मार गिराया गया है। वहीं जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े 24 आतंकियों को भी मार गिराया गया है।

क्या है आपरेशन आलआउट
जम्मू कश्मीर में आतंकियों के सफाए के लिए आपरेशन आलआउट चलाया जा रहा है। इस आपरेशन में सुरक्षाबलों को बढ़त मिली हुई है। हालांकि आतंकवादियों द्वारा घुसपैठ की कोशिशें लगातार की जा रही हैं। सूत्रों की मानें तो अब भी कश्मीर में अलग-अलग आतंकी संगठनों से जुड़े 158 आतंकवादी मौजूद हैं। वहीं आतंकी संगठन यहां के युवाओं को भ्रमित करके आतंकी संगठन में भर्ती करने का अभियान चला रहे हैं लेकिन सुरक्षा बल भी उन्हें चुन-चुनकर मार रहे हैं।

 

#आपरेशन आलआउट

Source : Agency

पाठको की राय