एक दिन में आये कोरोना के महज 12,514 नए मामले ,रिकवरी रेट 98.20%
नई दिल्ली
देश में कोरोना की तीसरी लहर आने की आशंका अब खत्म होती दिख रही है। फेस्टिव सीजन में बाजार, स्कूल, कॉलेज समेत तमाम संस्थानों के खुलने के बाद भी कोरोना के नए केसों में कमी बरकरार रहने से तीसरी लहर न आने की उम्मीद बढ़ी है। सोमवार को आए बीते एक दिन के आंकड़ों में महज 12,514 नए केस ही दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा रिकवर होने वाले लोगों की संख्या 12,718 है। इस तरह एक्टिव केसों की संख्या में भी कमी देखने को मिली है। रिकवरी रेट में भी तेजी से इजाफा हुआ है और यह बढ़कर 98.20% हो गया है। अब तक देश में कुल 3.36 करोड़ लोग कोरोना संक्रमण को मात दे चुके हैं।
एक्टिव केसों की संख्या में भी कमी देखने को मिल रही है। अब देश में महज 1,58,817 एक्टिव केस ही बचे हैं, जो 248 दिनों यानी 8 महीने से ज्यादा वक्त में सबसे कम आंकड़ा है। इसके अलावा डेली पॉजिटिविटी रेट भी लगातार कम होते हुए 1.42 फीसदी ही रह गया है। वीकली पॉजिटिविटी रेट में भी कमी का दौर जारी है। अब यह आंकड़ा महज 1.17 फीसदी ही रह गया है। अब तक देश में कुल 1 अरब 6 करोड़ से ज्यादा टीके लग चुके हैं। एक्सपर्ट्स का मानना है कि इसके चलते भी देश में कोरोना के नए केसों में कमी देखने को मिल रही है।
दरअसल एक्सपर्ट्स ने सितंबर-अक्टूबर के दौरान कोरोना की तीसरी लहर की आशंका जताई थी। लेकिन अब जिस तरह से नए केसों में गिरावट का दौर जारी है, उससे तीसरी लहल आने की आशंकाएं समाप्त होती दिख रही है। हालांकि अब भी जानकारों का कहना है कि हमें कोरोना से मुक्ति को लेकर कुछ भी कहने से पहले मार्च-अप्रैल 2022 तक इंतजार करना होगा।

पाठको की राय