Sunday, October 25th, 2026

टैलेंट सर्च-2021 अभियान के लिये ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अब 23 अगस्त तक

भोपाल 
टैलेंट सर्च-2021 अभियान के लिये प्रतिभा चयन कार्यक्रम के तहत ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अब 23 अगस्त तक किया जा सकेगा। पूर्व में अंतिम तिथि 21 अगस्त थी। रजिस्ट्रेशन का कार्य 9 अगस्त को आरंभ हुआ है। प्रतिभावान खिलाड़ी एथलेटिक्स, शूटिंग, वॉटर स्पोर्ट्स (कयाकिंग केनोइंग, रोइंग, सेलिंग, स्लालॉम), कराते, फेंसिंग, बॉक्सिंग, कुश्ती, ताइक्वाडों जूडो, घुड़सवारी, पुरुष हॉकी, ट्रायथलान, महिला हॉकी, बैडमिंटन, तीरंदाजी, पुरुष क्रिकेट, योग और मलखंभ में अपना भविष्य बनाने के लिए इस अभियान में शामिल हो सकेंगे। चयन की प्रक्रिया निर्धारित मापदंडों के अनुरूप और कोविड संबंधी दिशा निर्देशों का पालन करते हुए की जा रही है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शहरों के साथ ही ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में भविष्य की खेल प्रतिभाओं को तलाशकर तराशने के लिए प्रदेश में 'टैलेंट सर्च 2021' अभियान की घोषणा की है। यह अभियान 24 अगस्त से पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। प्रदेश-भर में इस अभियान में खेल एवं युवा कल्याण, स्कूल शिक्षा एवं आदिम जाति कल्याण विभाग के समन्वय से कार्य किया जाएगा। इसके तहत लगभग 2500 बालक-बालिकाओं का चयन कर प्रदेश में संचालित अत्याधुनिक संसाधनों से लैस विभिन्न खेल अकादमियों तथा राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय प्रशिक्षकों की देखरेख में प्रशिक्षण दिया जायेगा।
 

 

#Online registration

Source : Agency

पाठको की राय