Tuesday, October 20th, 2026

एक एक्शन और 5% टूट गया पतंजलि का शेयर, कंपनी को देनी पड़ी सफाई

 नई दिल्ली
योगगुरु रामदेव की कंपनी पतंजलि फूड्स लिमिटेड (Patanjali Foods) के शेयरों में गुरुवार को 5 प्रतिशत तक की बड़ी गिरावट आई। यह बड़ी गिरावट कंपनी पर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) की कार्रवाई की वजह से आई है। दरअसल, स्टॉक एक्सचेंजों ने पतंजलि फूड्स के प्रमोटर्स के 29.26 करोड़ शेयरों को फ्रीज कर दिया है। हालांकि, पतंजलि फूड्स ने कहा है कि शेयरों को फ्रीज करने के एक्सचेंजों के आदेश का समग्र वित्तीय प्रदर्शन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

क्या है मामला
स्टॉक एक्सचेंजों ने निर्धारित समय सीमा के भीतर न्यूनतम सार्वजनिक शेयरधारिता मानदंडों को पूरा नहीं करने के लिए पतंजलि फूड्स के प्रमोटर्स ग्रुप की संस्थाओं के 29.26 करोड़ शेयरों को फ्रीज कर दिया है। सेबी के मुताबिक, अगर किसी लिस्टेड कंपनी में पब्लिक शेयरहोल्डिंग 25 फीसदी से कम हो जाती है तो कंपनी को इस तरह की गिरावट की तारीख से अधिकतम तीन साल की अवधि के भीतर पब्लिक शेयरहोल्डिंग को 25 फीसदी तक लाना होगा। इसके अलावा, पब्लिक शेयरहोल्डिंग 10 प्रतिशत से कम हो जाती है, तो अधिकतम 18 महीने की अवधि के भीतर कम से कम 10 प्रतिशत तक बढ़ाया जाएगा।
 
इसी के तहत पतंजलि फूड्स ने मार्च 2022 में एक फॉलो-ऑन पब्लिक ऑफर जारी किया था। कंपनी ने 66.2 मिलियन इक्विटी शेयर जारी किए, जिसके जरिए पब्लिक शेयरहोल्डिंग को बढ़ाकर 19.18 प्रतिशत कर दिया गया। हालांकि, पतंजलि फूड्स ने सेबी की न्यूनतम पब्लिक शेयरहोल्डिंग जरूरतों का पालन नहीं किया।

 

Source : Agency

पाठको की राय