Tuesday, October 20th, 2026

एक बार फिर महाकाल दर्शन की व्यवस्था बदली

उज्जैन
 महाकाल मंदिर में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक बार फिर प्रवेश की व्यवस्था बदल दी गई है। अब दर्शनार्थियों को ज्यादा पैदल नहीं चलना पड़ेगा। इसके अलावा दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालुओं को पहले ऑनलाइन बुकिंग करवाना होगा। जो लोग उज्जैन तक नहीं आ सकते हैं, वे घर बैठे महाकाल के लाइव दर्शन भी कर सकते हैं।

राजाधिराज भगवान महाकाल के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को अब दूर तक नहीं चलना होगा। अब श्रद्धालुओं को चारधाम के समीप से नहीं, बल्कि हरसिद्धि मंदिर के सामने से ही दर्शन के लिए कतार में लगना होगा। मंदिर में दर्शन के लिए प्रवेश व्यवस्था हरसिद्धि मंदिर के पास शेर चौराहे से रहेगी। श्री महाकालेश्ववर मंदिर में श्रद्धालुओं की दर्शन व्यवस्था में आंशिक बदलाव किए गए हैं।

मंदिर प्रबंध समिति प्रशासक नरेन्द्र सूर्यवंशी ने बताया वर्तमान में श्री महाकालेश्वर भगवान के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु चारधाम से लाइन में लग रहे थे। अब नई व्यवस्था के अंतर्गत प्री-बुकिंग करके आने वाले श्रद्धालुओं और शीघ्र दर्शन से जाने वाले दर्शनार्थियों को भी हरसिद्धि मंदिर के सामने सिंह प्रतिमा चौराहे से लाइन में लगना होगा। दर्शनाथियों को उसी स्थान पर अलग-अलग लाइन से प्रवेश कर भगवान के दर्शन करने होंगे।

यह रहेगी दर्शन व्यवस्था

दर्शनार्थी दर्शन के लिए हरिफाटक ब्रिज की चौथी भुजा से चारधाम पार्किंग तक आएंगे। शेर चौराहे से (हरसिद्धि) लाइन में लगकर श्री महाकालेश्वर अतिथि निवास के पीछे से होते हुए शंख द्वार से फेसिलिटी सेंटर में प्रवेश कर भगवान के दर्शन करेंगे व निर्गम रूद्र सागर की ओर चारधाम से ही रहेगा।

यहां करें ऑनलाइन दर्शन

महाकाल के दर्शन के लिए प्रशासन ने आनलाइन दर्शन की भी व्यवस्था की है। जो लोग उज्जैन तक नहीं आ सकते हैं वे लाइव दर्शन कर सकते हैं। यह वेबसाइट 24 घंटे ऑनलाइन दर्शन की सुविधा देती है। इसकी लिंक नीचे दी जा रही जिस पर क्लिक करके आप हमेशा महाकाल के दर्शन कर सकेंगे।

 

#महाकाल दर्शन

Source : Agency

पाठको की राय