Monday, October 19th, 2026

8-9 जनवरी को कांग्रेस विधायको को दिए जाएंगे जनता में मजबूत पैठ बनाने के गुर

भोपाल
राम राजा सरकार की नगरी ओरछा में कांग्रेस विधायकों को जनता के बीच और मजबूत पैठ बनाने के गुर दिए जाएंगे। इतना ही नहीं कांग्रेस विधायकों के पार्टी छोड़कर जाने पर भी यहां मंथन किया जा सकता है। दरअसल कांग्रेस विधायक दल का प्रशिक्षण शिविर ओरछा में 8-9 जनवरी को होने जा रहा है।  इसमें पार्टी के कई केंद्रीय नेता विधायकों को पाठ पढ़ाने के लिए या आएंगे जबकि कुछ नेता वर्चुअली अपनी क्लास लगाएंगे। 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ अब अपने विधायकों को पार्टी की विचारधारा से मजबूती के साथ जोड़ना चाहते हैं। इसके लिए उनकी पहल पर यह तय हुआ कि कांग्रेस के विधायकों को पार्टी की विचारधारा के साथ ही उसके इतिहास एवं पार्टी के पुराने नेताओं के संबंध में बताया जाए, ताकि विधायक पार्टी को हर स्तर पर समझ सकें। प्रशिक्षण शिविर का प्रभारी विधायक रवि जोशी को बनाया गया है।

बताया जाता है कि कांग्रेस की विचारधारा से पूरी तरह से परिचित नहीं होने के कारण ही वर्ष 2019 से लेकर अब तक कांग्रेस के कई विधायक पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। इन्हें रोकने के लिए पार्टी की नीतियों के साथ ही उसकी विचारधारा विधायकों के मन में उतार कर इस तरह का पलायन रोकने पर अंकुश लगा सके। पार्टी के कुछ नेता मानते हैं कि कांग्रेस की विचारधारा इतनी मजबूत है कि उसे मानने वाले पार्टी छोड़कर दूसरे दलों का दामन नहीं थामेंगे। इसलिए इस कैम्प को पार्टी के बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इस कैम्प को कांग्रेस के यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। ओरछा उत्तर प्रदेश से सटा हुआ है। यहां होने वाले प्रशिक्षण शिविर का संदेश उत्तर प्रदेश भी जाएगा। राम राजा सरकार की नगरी में इसे आयोजित करने का एक बड़ा उद्देश्य यह भी माना जा रहा है।

 

#congress

Source : Agency

पाठको की राय