Thursday, October 22nd, 2026

नेशनल टीम में चुने जाने पर इस इंग्लिश बल्लेबाज ने टीम इंडिया के खिलाफ जड़ डाला शतक

 नई दिल्ली 
इंग्लैंड में इस समय टीम इंडिया काउंटी इलेवन ( काउंटी सिलेक्ट XI) के खिलाफ तीन दिवसीय प्रैक्टिस मैच खेल रही है। मैच में अब तक दोनों दिन भारतीय खिलाड़ियों का ही बोलबाला रहा है। पहली पारी में भारतीय बल्लेबाजों द्वारा 311 रन बनाने के बाद गेंदबाजों की बारी आई, जहां उन्होंने भी इस मौके को अच्छी तरह भुनाया। उन्होंने काउंटी इलेवन के चार विकेट 56 रनों के स्कोर पर ही चटका दिए थे, लेकिन इसके बाद इंग्लिश टीम के सलामी बल्लेबाज हसीब हमीद क्रीज पर टिक गए और शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ डाला। खास बात यह है कि आज ही के दिन उन्हें नेशनल टीम से बुलावा आया है।
 
टीम के बल्लेबाज विकेट पर टिकने का जज्बा नहीं दिखा रहे थे, लेकिन हमीद ने एक छोर संभाले रखा और 228 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। उन्हें 112 रनों के स्कोर पर शार्दुल ठाकुर ने अपना शिकार बनाया। टीम ने खबर लिखे जाने तक 8 विकेट के नुकसान पर 208 रन बना लिए हैं और वह अभी पहली पारी में 103 रनों से पीछे है।

 

#इंग्लिश बल्लेबाज

Source : Agency

पाठको की राय