Monday, October 26th, 2026

अंतरराष्ट्रीय नशा निवारण दिवस 26 को, प्रदेश में नशामुक्ति के पक्ष में सकारात्मक वातावरण तैयार करने होंगे कई आयोजन

रायपुर.
अंतरराष्ट्रीय नशा निवारण दिवस 26 जून के अवसर पर छत्तीसगढ़ में नशापान के विरूद्ध जनजागरूकता लाकर सकारात्मक वातावरण तैयार करने का प्रयास किया जाएगा। नशे के विरूद्ध व्यापक जनमत विकसित करने के सभी जिलों में विभिन्न विभागों के सहयोग से व्यापक प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता के लिए अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में समाज कल्याण विभाग द्वारा सभी कलेक्टरों को निर्देश जारी किए गए हैं।  नशापान करने के विरूद्ध समाज में जागरूकता लाने स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल एवं युवा कल्याण, महिला एवं बाल विकास, जनसम्पर्क, पंचायत, आबकारी और नगरीय प्रशासन विभाग को विशेष प्रयास करने कहा गया है।  

नशे की रोकथाम के लिए समाज कल्याण विभाग द्वारा समुदाय में जागरूकता लाने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके लिए स्थानीय संस्कृति एवं परम्परा को भी ध्यान में रखते हुए आयोजन करने कहा गया है। इस दिशा में कदम बढ़ाते हुए भारत माता वाहिनी के माध्यम से पंचायतों में नशा मुक्ति के लिए कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।

अंतरराष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर लोगों से संवाद स्थापित कर उन्हें नशापान से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दी जाएगी। नशामुक्ति के लिए नशा तथा एड्स प्रभावित क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके साथ ही रेडियो और टीव्ही के माध्यम से नशा मुक्ति कार्यक्रमों का प्रसारण किया जाएगा। विद्यार्थियों में नशापान के विरूद्ध जागरूकता लाने के लिए प्रेरक उद्बोधन के माध्यम से प्रयास किये जाएंगे। साथ ही नशा मुक्ति साहित्यों का  वितरण किया जाएगा।

 

 

#International Drug Prevention Day

Source : Agency

पाठको की राय