Tuesday, October 20th, 2026

Omicron वायरस Alert : जनता से अपील- सर्दी-खांसी-बुखार होने पर यात्रा न करें

भोपाल
कोरोना के नये वेरिएंट Omicron की दस्तक से रेलवे भी अलर्ट मोड पर आ गया है. उसने कोरोना वायरस संक्रमण से एहतियात के लिए व्यापक अभियान छेड़ दिया है. जनता के लिए एडवायजरी जारी की है कि जरा सी भी सर्दी खांसी होने पर वो यात्रा न करें. स्टेशन और ट्रेनों में सोशल डिस्टेंस, मास्क, सेनेटाइजेशन का खास प्रबंध किया गया है. हर आने जाने वाले यात्री की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है.

कोरोना के बढ़ते संक्रमण के कारण अब रेलवे भी अलर्ट मोड पर आ गया है. रेल यात्रियों की सुरक्षा और उन्हें कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए स्टेशन से लेकर ट्रेनों तक में अतिरिक्त व्यवस्था की गई है. रेल प्रशासन रोजाना नियमित रूप से स्टेशनों और ट्रेनों की साफ सफाई करा रहा है. इसके अलावा थर्मल स्कैनिंग और जांच की व्यवस्था भी की गई है. रेलवे ने सर्दी खांसी बुखार होने पर अपनी यात्रा को टालने की अपील जनता से की है.

भोपाल मंडल रेल प्रशासन कोरोना से बचाव के लिए एकदम अलर्ट मोड पर आ गया है. उसने भोपाल के भोपाल, रानी कमलापति, संत हिरदाराम नगर सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों पर लगातार अनाउंसमेंट शुरू कर दिया है. यात्रियों को लगातार कोविड-19 संबंधी नियमों के बारे में सूचना दी जा रही है. रेलवे प्रशासन ने रेल यात्रियों से अपील की है कि कोविड-19 के बारे में सतर्क रहें. इस घातक वायरस का फैलाव रोकने के लिए सभी जरूरी सावधानियां बरतें. कोविड गाइड लाइन का पूरी तरह पालन करें. दूसरों को भी इसके लिए प्रोत्साहित करें. साथ ही हमेशा मास्क, फेस कवर पहनें और निर्धारित दूरी यानि सोशल डिस्टेंस बनाकर रखें. अपने हाथों को नियमित रूप से अच्छी तरह धोते रहने और रेल परिसर और गाड़ी के डिब्बों में साफ सफाई बनाए रखने की अपील की है.

भोपाल स्टेशन पर दोनों तरफ यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गयी है. इसके अलावा मेडिकल टीम आरटीपीसीआर जांच भी कर रही है. मंडल के अन्य प्रमुख स्टेशनों पर आने, जाने वाले यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग कर शारीरिक तापमान जांचा जा रहा है.

मंडल रेल प्रबंधक सौरभ बंदोपाध्याय ने यात्रियों से अपील की है कि इस कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए सावधानी रखें. रेल यात्रा शुरू करने से पहले अपने स्वास्थ्य की जांच कर लें. सर्दी, खांसी, बुखार होने पर यात्रा न करें. यात्रा के दौरान मास्क लगाना न भूलें. स्टेशन और ट्रेन में दूरी बना कर रखें. किसी भी वजह से भीड़ भाड़ ना करें. कोविड-19 से संबंधित सरकार के निर्देश, एहतियात औऱ गाइड लाइन का पूरी तरह पालन करें.

 

#Omicron Virus Alert

Source : Agency

पाठको की राय