Thursday, October 22nd, 2026

ओलंपिक उद्घाटन समारोह ‘अपमानजनक’ : ट्रंप

वाशिंगटन
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी पेरिस ओलंपिक खेलों के उद्घाटन समारोह की आलोचना करने वालों में शामिल हो गए हैं और उन्होंने इसे ‘अपमानजनक’ करार दिया है। आलोचक उद्घाटन समारोह की उस दृश्य के लिए आलोचना कर रहे हैं जिसके बारे में उनका मानना है कि इसमें लियोनार्डो दा विंची की मशहूर पेंटिंग ‘द लास्ट सपर’ का मजाक उड़ाया गया है।

अमेरिका में पांच नवंबर को होने वाले आम चुनावों के लिए रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार ट्रंप ने सोमवार की रात फॉक्स न्यूज पर एक कार्यक्रम ‘द इंग्राहम एंगल’ में कहा, ‘‘‘मेरा मानना है कि उद्घाटन समारोह अपमानजनक था। मैं वास्तव में मानता हूं कि यह अपमानजनक था।’’ ट्रंप ने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘मैं खुले विचारों वाला व्यक्ति हूं, लेकिन मुझे लगता है, उन्होंने जो किया वह अपमानजनक था।’’ हाउस स्पीकर माइक जॉनसन ने भी उद्घाटन समारोह की आलोचना की।

जॉनसन ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘लास्ट सपर का मजाक उड़ाना ओलंपिक खेलों के उद्घाटन समारोह को देखने वाले दुनिया भर के ईसाई धर्म के अनुयायियों के लिए हैरानी भरा और अपमानजनक था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आज हमारी आस्था और पारंपरिक मूल्यों पर किए जा रहे प्रहार की कोई सीमा नहीं है, लेकिन हम जानते हैं कि सच्चाई और सदाचार की हमेशा जीत होगी। रोशनी अंधेरे में उजाला बिखेरती है और अंधेरा उस पर कभी काबू नहीं पा सका है।’’

 

 

#Donald Trump

Source : Agency

पाठको की राय