Monday, October 19th, 2026

धर्मगुरु को लेकर फेसबुक पर की आपत्तिजनक टिप्पणी, आमने-सामने आए एक ही समुदाय के दो गुट, कई थानों की पुलिस तैनात

लखीमपुर खीरी
लखीमपुर खीरी के पसगवां कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में एक धर्मगुरु को लेकर फेसबुक पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से माहौल बिगड़ते-बिगड़ते बचा। कमेंट वायरल होने के बाद एक ही समुदाय के दो गुट आमने-सामने आ गए। भीड़ ने कमेंट करने वाले युवक का घर घेर लिया और हंगामा किया। हाईवे जाम की कोशिश भी हुई।

मौके की नजाकत देख कई थानों का फोर्स बुला लिया गया। तब जाकर मामला शांत हुआ। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। बताया जाता है कि फेसबुक की किसी पोस्ट पर एक गांव मोहम्मदपुर ताजपुर के रहने वाले युवक ने आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। ये टिप्पणी वाली पोस्ट दिनभर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।

इससे इसी समुदाय के तमाम लोग भड़क उठे और युवक का घर घेर लिया। इसके बाद दोनों गुटों के लोग आमने-सामने हो गए। हंगामा शुरू हो गया। जिस जगह यह हंगामा चल रहा था, वह पुलिस चौकी मोहम्मदपुर के सामने और ठीक शाहजहांपुर-बरेली हाईवे पर है। हंगामे के दौरान हाईवे जाम की कोशिश भी हुई।

पहले मामले को सुलह-समझौते से निपटाने की कोशिश कर रही पुलिस के हाथ से हालात मिनट दर मिनट निकलते जा रहे थे। चौकी प्रभारी अनेक पाल सिंह ने घटना की नजाकत समझते ही आला अफसरों को सूचना दे दी। इस पर सीओ राजेश कुमार और निरीक्षक अंबर सिंह ने कई थानों की पुलिस बल बुलाकर घटनास्थल पर पहुंच गए और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया।

 

Source : Agency

पाठको की राय