Friday, October 23rd, 2026

ओडिशा : मोदी ने पुरी के जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की, रोड शो किया

पुरी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को सुबह पुरी के जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवारों के पक्ष में यहां एक रोड शो किया।

उन्होंने पुरी में मारीचकोट चौराहे से ग्रैंड रोड पर मेडिकल चौराहे तक रोड शो का नेतृत्व किया। मोदी के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल, पार्टी उम्मीदवार संबित पात्रा और पुरी विधानसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार जयंत सारंगी भी थे।

ग्रैंड रोड पर बैरिकेड के दोनों तरफ हजारों लोग खड़े थे। वे प्रधानमंत्री की तरफ हाथ में लिए कमल के फूल का चिन्ह लहरा रहे थे।

पुलिस ने कहा कि रोड शो के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

रोड शो के बाद मोदी हेलीकॉप्टर से अंगुल के लिए रवाना होंगे, जहां उनका एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करने का कार्यक्रम है। इसके बाद वे एक और चुनावी रैली के लिए कटक पहुंचेंगे।

ओडिशा में पांच लोकसभा सीटों और 35 विधानसभा सीटों के लिए दूसरे चरण का मतदान सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुआ।

 

#modi

Source : Agency

पाठको की राय